गोठान में मिल रहा महिला सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण- निर्मल कोसरे

गोठान में मिल रहा महिला सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण- निर्मल कोसरे
वाशिंग पाउडर फिनायल व मसाला निर्माण से आत्मनिर्भर हो रही महिलाएं
महापौर ने किया जरवाय गोठान का निरीक्षण और दी शाबाशी

भिलाई-3 / महापौर निर्मल कोसरे ने निगम के ग्रामीण वार्ड जरवाय में स्थित गोठान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित वाशिंग पाउडर और फिनायल का अवलोकन किया। श्री कोसरे ने वाशिंग पाउडर व फिनायल के साथ मसाला निर्माण को महिला सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण बताते हुए महिलाओं को शाबाशी दी।

भिलाई – चरोदा नगर निगम के जरवाय में स्थित गोठान का संचालन कर महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही है। महापौर निर्मल कोसरे ने आज इसे देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। श्री कोसरे निगम के अधिकारियों सहित गोठान का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

इस दौरान उन्होंने गोठान का संचालन कर रही मां सरस्वती महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित वाशिंग पाउडर व फिनायल का अवलोकन किया। श्री कोसरे ने महिलाओं द्वारा निर्मित दोनों उत्पाद के गुणवत्ता की सराहना करते हुए समूह को शाबाशी दी।महापौर को महिलाओं ने समूह द्वारा मसाला निर्माण किए जाने की भी जानकारी दी।

इस अवसर पर महापौर निर्मल कोसरे ने नगर निगम के उपयोग के लिए 500 लीटर फिनायल का आर्डर दिया। फिनायल की कीमत 40 रुपए प्रति लीटर तथा वाशिंग पाउडर की कीमत 60 रुपए प्रति किलो रखा गया है। महापौर ने कहा कि गोठान में निर्मित मसाले को निगम क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्र और केटरिंग संचालकों को खरीदने प्रेरित किया जाएगा।

श्री कोसरे ने कहा शहरी क्षेत्र में गोठान की स्थापना कर महिला स्वावलंबन की दिशा में प्रदेश सरकार की सोच स्पष्ट है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी सरकार की सोच का साकार रूप जरवाय के गोठान में देखने को मिल रहा है।

गोठान निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ निगम आयुक्त कीर्तिमान सिंह राठौर, निगम सचिव अश्वनी चन्द्राकर, एमआईसी सदस्य मोहन साहू, मनोज डहरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज मढ़रिया, पूर्व पार्षद आशीष वर्मा, युवराज कश्यप आदि उपस्थित थे।

 

खाली जगह पर सब्जी उगाने की दी सलाह
महापौर निर्मल कोसरे ने बारिश के मौसम को देखते हुए गोठान में खाली पड़ी जमीन पर सब्जी उगाने की सलाह महिला स्व सहायता समूह को दी। इसके लिए बीज आदि की व्यवस्था स्व सहायता समूह को करनी होगी। सब्जी उत्पादन का 80 फीसदी भाग समूह की महिलाएं मनमुताबिक अपने उपयोग लेने में स्वतंत्र रहेगी। बाकी का 20 फीसदी हिस्सा गोठान के संचालन और संवर्धन में उपयोग होगा। महापौर के सुझाव पर स्व सहायता समूह की महिलाओं ने गोठान में सब्जी उत्पादन करने पर सहमति जताई है।

KARAN SAHU
KARAN SAHU
करन साहू कार्यक्षेत्र - पाटन ( छ.ग. ) "छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़"
ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।