छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ की नई कार्यकारिणी का गठन, सर्वसम्मति से चुना गया अरविंदर खुराना को छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ का प्रदेश अध्यक्ष…
भिलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ की विशेष आम सभा एवं कार्यकारी समिति का चुनाव रविवार को वेन्यू इंडियन कॉफी हाउस, सिविक सेंटर भिलाई में संपन्न हुआ। चुनाव में सर्वसम्मति से अरविंदर खुराना को छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल रहे। चुनाव प्रक्रिया में पर्यवेक्षक के रूप में शशि बघेल, शैलेंद्र जोशी, बुधराम सारंग, मनोज मित्रा एवं अजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से अन्य पदाधिकारियों का भी चयन किया गया। उपाध्यक्ष घनश्याम जंघेल एवं अनिता सिंदे, सचिव डॉ. राजेश जंघेल, सह सचिव अशोक कुमार साहू एवं माधुरी साहू को नई कार्यकारिणी में जिम्मेदारी सौंपी गई। अध्यक्ष अरविंदर खुराना ने सांसद महोदय श्री विजय बघेल जी का धन्यवाद किया की उन्हें ये विश्वास जता कर ये जिम्मेदारी उन्होंने सौंपी
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश भारोत्तोलन संघ में एकजुटता और टीम भावना के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों का हमेशा एक लक्ष्य होता है कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हो। पिछले कार्यकाल में भी संघ के प्रयासों से खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि भारत ने हाल ही में अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया है और आज हमारे देश के खिलाड़ी विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की बेटियों ने भी खेल के क्षेत्र में प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विशेष रूप से भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खिलाड़ियों से जिस आत्मीयता और पिता तुल्य भाव से संवाद करते हैं, वह खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव से भी भावुकता और आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया है। देश में जहां जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां के खिलाड़ी आगे बढ़ रहे हैं और सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए श्री बघेल ने कहा कि एक समय गांव में अचानक हुई मुलाकात के दौरान उन्हें भारोत्तोलन संघ की जिम्मेदारी संभालने का प्रस्ताव मिला था।
उन्होंने स्पष्ट किया था कि वे मूल रूप से कबड्डी से जुड़े रहे हैं और भारोत्तोलन संघ में बिखराव की स्थिति को देखते हुए यदि जिम्मेदारी दी जाती है तो सभी को साथ लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघ में किसी पद का कोई व्यक्तिगत महत्व नहीं होता, बल्कि संगठन और खिलाड़ियों के हित में काम करना ही सबसे महत्वपूर्ण है।
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर सांसद विजय बघेल ने किया नमन
उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी को सभी जिलों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के चयन और उनके बेहतर प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। आने वाले चार वर्षों के लिए संघ के विकास का खाका तैयार कर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन सभी की सहमति और विश्वास से हुआ है।
सांसद विजय बघेल ने कहा, “पद केवल नाम का होता है, व्यक्ति के साथ संबंध और संगठन के प्रति समर्पण बड़ा होता है। आप लोगों ने जिस तरह मुझ पर भरोसा किया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। भले आप मुझे छोड़ सकते हैं, लेकिन मैं आपको छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरविंद खुराना सहित सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ में भारोत्तोलन खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का आह्वान किया।






