गायत्री विद्यापीठ में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित, अभिषेक सिंह ने की सेवा और संस्कार की सराहना

गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव । जिले की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था गायत्री विद्यापीठ में छात्र नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छात्र परिषद के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह रहे। समारोह की शुरुआत मां गायत्री के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर की गई।

विद्यार्थियों ने ली नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की शपथ

कार्यक्रम में हेड बॉय, हेड गर्ल, हाउस कैप्टन और छात्र परिषद के अन्य प्रतिनिधियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। गायत्री शिक्षण समिति के सचिव गगन लड्ढा ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई।

अभिषेक सिंह ने की विद्यालय की सराहना

मुख्य अतिथि अभिषेक सिंह ने नवनिर्वाचित छात्र-छात्राओं को बैज पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गायत्री विद्यापीठ में शिक्षा के साथ सेवा, संस्कार, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी भविष्य में समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण पर विशेष जोर

गायत्री शिक्षण समिति के अध्यक्ष बृजकिशोर सुरजन ने कहा कि गायत्री विद्यापीठ केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि चरित्रवान, संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों से नेतृत्व को सेवा का माध्यम मानते हुए ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पौधरोपण बना आकर्षण

कार्यक्रम में भारती यादव और माया शर्मा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं सभी अतिथियों ने सामूहिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर गायत्री शिक्षण समिति के पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।