निर्माण श्रमिक परिवार की समीक्षा के सपनों को उड़ान
मेधावी छात्रवृत्ति योजना से मिला आर्थिक संबल; नर्स बन कर समाज की सेवा का संकल्प
सूरजपुर। सेवा संकल्प अभियान जनकल्याण और सुशासन की उस भावना को जन-जन तक पहुंचा रहा है, जहां शासन की योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के सपनों को नई उड़ान दे रही हैं। चम्पक नगर निवासी समीक्षा कुशवाहा की कहानी भी इसी सेवा संकल्प की एक प्रेरक तस्वीर है। निर्माण श्रमिक परिवार से आने वाली समीक्षा आज बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं और अपने सपने को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
समीक्षा के पिता दिनेश कुशवाहा निर्माण श्रमिक के रूप में कार्य करते हैं। मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाले दिनेश कुशवाहा की आमदनी सीमित है, लेकिन बेटी को पढ़ाने और उसे आगे बढ़ाने का संकल्प हमेशा मजबूत रहा। समीक्षा का सपना था कि वह नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना योगदान दे।
Surajpur : 17 सितंबर को हर घर जलाएं एक दीप- लक्ष्मी राजवाड़े की अपील
पढ़ाई के प्रति लगन और मेहनत ने समीक्षा को मेधावी विद्यार्थियों की श्रेणी में पहुंचाया, लेकिन उच्च शिक्षा का खर्च परिवार के लिए चुनौती था। ऐसे समय में श्रम विभाग के अंतर्गत मेधावी छात्रवृत्ति योजना का लाभ समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी। छात्रवृत्ति से मिली आर्थिक सहायता ने उसकी पढ़ाई जारी रखने में परिवार को संबल दिया और नर्स बनने के उसके सपने को नई दिशा मिली।
समीक्षा बताती हैं, मेरे पिता निर्माण श्रमिक हैं और मेहनत करके परिवार की जिम्मेदारी निभाते हैं। मेरा सपना था कि मैं बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई करूं। मेधावी छात्रवृत्ति का लाभ मिलने से मेरी पढ़ाई में बहुत मदद मिली। अब मैं अपनी पढ़ाई पूरी कर नर्स बनना चाहती हूं और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना चाहती हूं।
आज समीक्षा के हाथों में किताबें हैं और आंखों में एक बेहतर भविष्य का सपना। वह अपनी पढ़ाई के साथ उस जिम्मेदारी को भी समझती हैं, जो एक स्वास्थ्यकर्मी के रूप में समाज के प्रति उनकी होगी। उनके पिता के लिए बेटी की शिक्षा केवल एक डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार के बेहतर भविष्य की उम्मीद है।
समीक्षा कहती हैं की शासन की योजनाओं का संबल मिलता है, तो आर्थिक परिस्थितियां भी सपनों की राह में बाधा नहीं बनतीं। मेधावी छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं मेरे जैसे अन्य श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर दे रही हैं।
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत शासन की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की बदलती जिंदगी दूसरे परिवारों को भी शिक्षा, मेहनत और अपने सपनों के प्रति संकल्पित रहने की प्रेरणा देगी जहां एक छोटी-सी मदद किसी बेटी के बड़े सपने को नई उड़ान दे देती है।






