बेटियों को मिलेंगे 1.50 लाख रुपये – शिव वर्मा
➡️ कहा – रानी दुर्गावती योजना से होगा बेटियों का सशक्तीकरण
राजनांदगांव। नगर निगम के वरिष्ठ भाजपा पार्षद शिव वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में रानी दुर्गावती योजना की शुरुआत की है। योजना के तहत परिवार में बालिका के जन्म के बाद उसके 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर ₹1.50 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य के वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए ₹15 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
श्री वर्मा ने कहा कि पूर्व में संचालित नोनी सुरक्षा योजना के तहत पात्र बेटियों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर ₹1 लाख की सहायता का प्रावधान था। अब बेटियों के भविष्य को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से रानी दुर्गावती योजना के माध्यम से सहायता राशि बढ़ाकर ₹1.50 लाख की गई है। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का उद्देश्य बेटियों को केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी है।
श्री वर्मा ने कहा कि सशक्त बेटियां ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की आधारशिला हैं। बेटियों की शिक्षा और उनके भविष्य को लेकर परिवारों में आर्थिक चिंता कम करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। रानी दुर्गावती योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लाभ पात्र बालिकाओं को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मिलेगा।
श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त बेटियों से समृद्ध छत्तीसगढ़ का संकल्प तभी साकार होगा, जब बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के अवसर मिलेंगे। रानी दुर्गावती योजना इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने वाली पहल है।






