शशिकांत सनसनी, रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को 1 नवंबर 2025 को रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ – ‘अमृत रजत महोत्सव’ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने हेतु आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और औद्योगिक निवेश की प्रगति से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया।

अंजोर विजन @2047 से विकसित छत्तीसगढ़ की ओर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य सरकार ने ‘अंजोर विज़न @2047’ दस्तावेज़ तैयार किया है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, पर्यावरण और नवाचार जैसे क्षेत्रों में समावेशी और सतत विकास को लक्षित करता है।
जन विश्वास विधेयक से न्याय प्रणाली में पारदर्शिता
राज्य सरकार ने केंद्र के जन विश्वास अधिनियम 2023 से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ में जन विश्वास विधेयक 2025 पारित किया है, जिससे आमजन की न्याय व्यवस्था तक पहुंच सरल हुई है।
नवा रायपुर को बनाया जा रहा स्मार्ट राजधानी केंद्र
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री को बताया कि राजधानी क्षेत्र के विकास हेतु SCRDA (राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण) का गठन किया गया है, जिससे नवा रायपुर को एक आधुनिक, स्मार्ट और टिकाऊ शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
औद्योगिक निवेश को मिला ज़बरदस्त बढ़ावा
- 84 कंपनियों से ₹6.65 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
- सेमीकंडक्टर यूनिट और एआई डेटा सेंटर का निर्माण प्रगति पर
- टेक्सटाइल, फार्मा, रेडीमेड गारमेंट व आईटी सेक्टर को प्राथमिकता
- 1000+ रोजगार सृजन करने वाले उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन
- सिंगल विंडो सिस्टम से प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी और तेज
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार
- शालाओं और शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण, ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
- आदिवासी अंचलों में डिजिटल शिक्षा संसाधन और प्रशिक्षित शिक्षक
- मेडिसिटी और एडु सिटी जैसी परियोजनाओं पर तीव्र कार्य
- रायपुर में बन रही मेडिसिटी से छत्तीसगढ़ को मिलेगा मेडिकल हब का दर्जा
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लौट रहा विश्वास
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुनर्वास, आत्मसमर्पण नीति और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास की बयार बह रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और संचार सुविधाओं से ग्रामीणों में शासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री साय ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़, विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




