* कस्तूरबा महिला मंडल में सावन उत्सव की बिखरी मनोहारी छटा…
* नृत्य गीत संगीत के बीच भगवान शिव का हुआ रुद्राभिषेक; श्री सत्यनारायण की हुई पूजा…
* सम्मानित हुए समाजसेवी जन, महिलाओं ने विविध आयोजन कर मनाया रंगारंग सावन उत्सव…
राजनांदगांव । शहर की समाज सेवी महिलाओं द्वारा कस्तूरबा महिला मंडल के बैनर तले कस्तूरबा भवन में सावन उत्सव धूमधाम से मनाया। छत्तीसगढ़ का लोक पर्व हरेली की पूर्व संध्या आयोजित इस सावन उत्सव कार्यक्रम में जहां एक ओर नृत्य गीत संगीत की मनोहारी छटा बिखरी रही वहीं भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक सहित श्री सत्यनारायण पूजा
कार्यक्रम में धर्म एवं अध्यात्म का माहौल बना रहा । शहर की समाज सेवी महिलाओं का संगठन कस्तूरबा महिला मंडल, आराधना मंच, वात्सल्य कुटुंब ,गुजराती महिला मंडल, अग्रवाल महिला मंडल,सनातन धर्म सभा आदि की महिलाओं ने विधि विधान से भगवान शंकर की पूजा- आराधना कर सबकी खुशहाली की दुआएं मांगी और हरियाली पर्व की सबको बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
“श्रावण उत्सव में सम्मानित हुए समाज सेवी जन”
कस्तूरबा भवन में गरिमामय ढंग से आयोजित सावन उत्सव में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रचनात्मक एवं समाज सेवा से संबंधित कार्य करने वाले चिकित्सा के क्षेत्र में सुप्रसिद्ध डाक्टर चेतन साहू, कला साहित्य के क्षेत्र में शहर सहित पूरे जिले भर में अनवरत गति विधियां चलाने वाले छत्तीसगढ़ साहित्य सृजन समिति के अध्यक्ष अखिलेश मिश्रा अकाट्य, राजगामी संपदा की नव – अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू व बोरी स्कूल के प्रतिभावान छात्र का शाल श्री फल सहित श्री माल्य प्रदान कर सम्मान किया गया।
इस दौरान कस्तूरबा की संरक्षिका श्रीमती शारदा तिवारी ने सबको सावन उत्सव व हरियाली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं,घर-परिवार की सुख शांति व स्वयं की मन की शांति के लिए पूजा-पाठ में भी ध्यान लगाएं।
इसी तरह संस्कार धानी नगरी के अनुरूप लोग अपने रचनात्मक एवं सेवा भावी कार्यों से शहर का एक विशिष्ट पहचान बना कर इस की गरिमा में श्री वृद्धि करें।
“घूमर नृत्य में महिलाओं ने जमकर बिखेरा जलवा”
कस्तूरबा महिला मंडल की संरक्षिका श्रीमती शारदा तिवारी, अध्यक्ष श्रीमती अलका जानी, सचिव श्रीमती साधना तिवारी की संयोजना में आयोजित सावन उत्सव कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा कविता,गीत ,संगीत की आकर्षक प्रस्तुति दी ।
वहीं रजनी अग्रवाल ,कमला सरिता शर्मा आदि द्वारा किए गए मनोहारी घूमर नृत्य ने लोगों का दिल जीत लिया। इसी तरह राजस्थानी गरबा नृत्य में महिलाओं के सामूहिक नृत्य का जमकर जलवा बिखरा और ऐसे- ऐसे स्टेप्स दिखाएं कि लोग देखते रह गए।
कार्यक्रम में डोंगरगांव से पधारी अर्चना जी ने सोलह श्रृंगार से संबंधित रचना पढ़ी वहीं बोरी स्कूल की प्राचार्य अनिता सहारे ने पर्व प्रसंग पर अपने काव्यात्मक उद्बोधन से लोगों को खासा प्रभावित किया। इस दौरान महिलाओं द्वारा विभिन्न खेल खेलें गए व सावन झूले का आनंद लिया गया।
इस दौरान राजगामी संपदा की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू,कस्तूरबा महिला मंडल की वरिष्ठ संरक्षिका श्रीमती सरस्वती माहेश्वरी, शारदा तिवारी, अध्यक्ष अलका जानी, सचिव साधना तिवारी, कोषाध्यक्ष आशा गुप्ता, शोभा चोपड़ा, अनिता जैन, माया अग्रवाल,शोभारानी चौरसिया, अर्चना दास,वात्सल्य कुटुंब की विद्या पांडे,निधी बाजपेयी,अनिता बाजपेयी ,सरिता शर्मा आराधना मंच की प्रभा बरडिया,उमा खंडेलवाल,सरोज कोटड़िया, कविता पारख, गुजराती समाज की रेखा लाल, चंद्रिका साहू, अग्रवाल समाज की किरण अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल, रजनी अग्रवाल, उर्मिला गुप्ता, संध्या तिवारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शारदा तिवारी उपस्थितो का आभार प्रदर्शन श्रीमती साधना तिवारी द्वारा किया गया।





