गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव : प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क की वापसी, बेरोजगारी भत्ता और रोजगार के मुद्दे को लेकर NSUI ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। NSUI कार्यकर्ता राजनांदगांव पोस्ट ऑफिस पहुंचे और वहां से वित्त मंत्री ओपी चौधरी के निवास पर प्रतीकात्मक टोपी कूरियर से भेजी।
प्रदर्शन के दौरान उत्तर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चेतन भानुशाली ने कहा कि, सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रही है और परीक्षा शुल्क वापसी तथा बेरोजगारी भत्ते के मुद्दे पर भी स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि अब सरकार को “जिम्मेदारी की टोपी पहनाने” का वक्त आ गया है।
NSUI प्रदेश महासचिव राजा यादव ने कहा कि, पोस्ट ऑफिस से भेजी गई टोपी प्रतीकात्मक रूप से प्रदेश के युवाओं की आवाज है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा शुल्क वापसी, रोजगार और बेरोजगारी भत्ते जैसे मुद्दों पर जल्द स्पष्ट जवाब नहीं मिला तो NSUI उग्र आंदोलन करेगी।
पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने कहा कि, भाजपा सरकार के पास युवाओं के लिए रोजगार नहीं है, लेकिन प्रतियोगी परीक्षाओं के शुल्क लेने की व्यवस्था है। उन्होंने सरकार से रोजगार और परीक्षा शुल्क वापसी को लेकर जवाब मांगा।
प्रदर्शन में NSUI जिला अध्यक्ष अमर झा, उमेश साहू, मिथलेश चंदेल, अंशु श्रीवास्तव, केशव वर्मा, दीपक मार्कण्डेय, जतिन पटेल, पीयूष द्विवेदी, संजय सिन्हा, मोहित देवांगन, संजू वर्मा, गीतेश शोरी, आयुष शर्मा और लिखनलाल सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।






