खैरागढ़/प्रदीप बोरकर । इलाके की उखड़ी सड़को की मरम्मत नही होने को लेकर गातापार जंगल इलाके के ग्रामीणो ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन मे शिकायत कर स्टेट हाइवे सड़क की मरम्मत त्वरित रूप से कराए जाने की मांग की है। जिला मुख्यालय से गातापार जंगल की सड़क जिले को सीधे मप्र सीमा से जोड़ती है। मप्र के बालाघाट, सिवनी, लांजी सहित जबलपूर जाने के इस मुख्य मार्ग मे पाड़ादाह, ईटार, बैगाटोला, चंगुर्दा, गाड़ाघाट, टेमरी जैसे प्रमुख ग्राम पड़ते है। इन गांवो के आसपास की सड़के लंबे समय से मरम्मत नही होने के कारण जर्जर और उखड़ चुके है।
इलाके के जनप्रतिनिधि लगातार विभागीय अधिकारियो से मरम्मत कराए जाने की मांग करते रहे लेकिन समय पर कार्यवाही नही होने से अब आवाजाही में दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग से जिला मुख्यालय आने वाले रोजाना हजारो ग्रामीण और जरूरतमंदो को इसी जर्जर और हिचकोले खाने वाली सड़क से आवागमन करना पड़ता है। जिला स्तर पर कार्यवाही नही होने के बाद अब ग्रामीणो की ओर से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन मे शिकायत कर सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की गई है।
आवाजाही मे परेशानी, मरीजो को दिक्कत
जिला मुख्यालय से गातापार जंगल तक 25 किमी की स्टेट हाइवे सड़क जगह जगह से उखड़ चुकी है। इस सड़क का निर्माण भी दस साल पहले किया गया था उसके बाद से मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति किए जाने से सड़क की स्थिति ज्यादातर खराब हो चुकी है । पाडादाह, ईटार, बैगाटोला, चंगुर्दा, गाड़ाघाट, टेमरी और गातापार इलाके मे ही सड़क पूरी तरह उधड़ गई है।
इस सड़क से रोजाना इन गांवो के अलावा लक्षणा, सिवनी, टोला, करेलागढ़, बरगांव नवांगांव, सांकरी, लिमऊटोला, रंगकठेरा जैसे दो दर्जन से अधिक गांवो के लोग जिला मुख्यालय पहुँचते है। बड़ी संख्या मे स्कूली छात्रो की आवाजाही का भी यही मुख्य मार्ग है। इसके अलावा सड़क से लांजी बालाघाट, सिवनी और जबलपूर जाने के लिए भी भारी और अन्य वाहने इसी सड़क का उपयोग करती है। ग्रामीणो ने बताया कि सड़क की समय पर मरम्मत नही होने से जगह जगह गडढो के कारण वाहनो और लोगो को अतिरिक्त समय लग रहा है।
तो दूसरी ओर धूल और गिटटी के कारण आवाजाही मे परेशानियां हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजो को हो रही है। घाघरा, गातापार जंगल, ईटार पाडादाह के मरीजो को जिला मुख्यालय पहुँचने मे अतिरिक्त परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणो ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन मे शिकायत पर सडक की तत्काल मरम्मत किए जाने और इलाके के ग्रामीणो को आवाजाही मैं राहत दिलाने की मांग की है।






