रिपोर्ट: एस.एन. श्याम/अनमोल कुमार, पटना । पटना स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में शिवहर विधायक चेतन आनंद के साथ सुरक्षा गार्ड और मेडिकल स्टाफ के बीच हाथापाई का मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विधायक चेतन आनंद अपने कुछ समर्थकों के साथ एक मरीज से मुलाकात के लिए एम्स पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल के सुरक्षा गार्डों से उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में हाथापाई और मारपीट में बदल गई। इस मामले को लेकर फुलवारीशरीफ थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पटना पश्चिमी के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत में दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया गया है।
वहीं, एम्स प्रशासन ने भी इस घटना को लेकर अलग से शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी। गौरतलब है कि विधायक चेतन आनंद पूर्व सांसद आनंद मोहन के पुत्र हैं, जो गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में दोषी करार दिए जा चुके हैं। आनंद मोहन को ‘रॉबिन हुड’ की छवि भी मिली रही है, और उनके बेटे चेतन आनंद भी राजनीतिक रूप से चर्चित नाम हैं।




