दुर्ग-भिलाई : दुर्ग के विधायक अरुण वोरा को क्रिकेट खेलते हुए फोटो शूट करवाना महंगा पड़ गया। दुर्ग विधायक ने बल्ले से इतना जोरदार शॉट मारा कि बॉल सीधे गर्ल्स प्लेयर के मुंह में लग गई। जिससे उसका होंठ फट गया और वो लहूलुहान हो गई। बाद में विधायक उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। बच्ची के मुंह में 5 टांके लगे हैं।
स्टेडियम में बुधवार को दुर्ग विश्वविद्यालय की क्रिकेट टीम का सलेक्शन होना था। जिसके लिए सभी संबंधित महाविद्यालयों से महिला और पुरुष टीम का चयन किया जा रहा था। इस कार्यक्रम में दुर्ग विधायक अरुण वोरा को बुलाया गया था। विधायक ने कार्यक्रम के दौरान क्रिकेट खेलते हुए फोटो शूट कराने की इच्छा जताई। विधायक के समर्थकों ने गर्ल्स प्लेयर से बैट लेकर विधायक को दिया।जिसके बाद एक दूसरी लड़की को बॉलिंग करने के लिए कहा गया। फील्डिंग के लिए गर्ल्स प्लेयर को विकेट से नजदीक खड़ा करवाया।
बॉलर ने विधायक को सामने देखकर हल्की बॉल डाली। जिससे विधायक इतने जोश में आ गए कि उन्होंने छक्का और चौका मारने की नीयत से बैट को हवा में उछाला। बॉल बैट से लगकर इतनी तेज गई की सामने खड़ी गर्ल्स प्लेयर के मुंह में लगी। जिससे गर्ल्स प्लेयर का होंठ फट गया और वो लहूलुहान होकर वहीं मैदान में गिर गई। बाद में लोग दौड़े और बच्ची को घायल हालत में जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया।




