खैरागढ़ में जिला पत्रकार संघ भवन का सांसद संतोष पांडेय ने किया लोकार्पण

* खैरागढ़ में जिला पत्रकार संघ भवन का सांसद संतोष पांडेय ने किया लोकार्पण…
* सांसद संतोष पांडेय ने कहा—पत्रकार संविधान के चौथे स्तंभ, समाज को सही दिशा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका…

खैरागढ़ में जिला पत्रकार संघ भवन का सांसद संतोष पांडेय ने किया लोकार्पणप्रदीप बोरकर/खैरागढ़ (KCG ) खैरागढ़ नगर में रेस्ट हाउस के समीप नवनिर्मित प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण शनिवार को राजनांदगांव लोकसभा सांसद श्री संतोष पांडेय ने किया।

लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। जिला पत्रकार संघ भवन के निर्माण से क्षेत्र के पत्रकारों को बैठक, संवाद एवं विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए व्यवस्थित मंच उपलब्ध हुआ है।

कार्यक्रम में विधायक खैरागढ़ श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक श्री कोमल जंघेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती राजे श्री त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि श्री खम्मन ताम्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पुरेना में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री संतोष पांडेय ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र और संविधान के चौथे स्तंभ हैं। पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता पैदा करने, जनसमस्याओं को सामने लाने तथा शासन-प्रशासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज के सामने वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।

सांसद ने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों के पत्रकार स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं तथा विकास कार्यों को प्रमुखता से सामने लाकर शासन का ध्यान आकर्षित करते हैं। जिला पत्रकार संघ भवन के निर्माण से पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आपसी समन्वय भी मजबूत होगा।

उन्होंने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सभी पत्रकारों को भवन के लोकार्पण की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने का आह्वान किया।

विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने जिला पत्रकार संघ भवन के लोकार्पण पर पत्रकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र में जनहित की आवाज को मजबूती से सामने रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

स्थानीय पत्रकार क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाकर समाज एवं शासन के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करते हैं। उन्होंने प्रेस क्लब भवन के विस्तार के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए पत्रकारों के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करते हैं। क्षेत्र की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने में स्थानीय मीडिया की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने प्रेस क्लब के बेहतर संचालन एवं पत्रकारों के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर ने भी जिला पत्रकार संघ भवन के विस्तार एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय पत्रकार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उल्लेखनीय है कि जिला पत्रकार संघ भवन के निर्माण के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी। अब भवन के विस्तार के लिए विधायक निधि एवं नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से 5-5 लाख रुपये की घोषणा की गई है। इस राशि से प्रेस क्लब भवन में अतिरिक्त कक्ष एवं आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे पत्रकारों को बैठक, संवाद और अन्य गतिविधियों के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा सुबह-सुबह घर-घर समाचार पत्र पहुंचाने वाले समाचार पत्र हॉकरों को रेनकोट का वितरण किया गया। बारिश के मौसम में भी नियमित रूप से समाचार पत्र पहुंचाने वाले हॉकरों के योगदान की सराहना करते हुए अतिथियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर खैरागढ़ जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष श्री जितेंद्र सिंह गौर, सचिव श्री प्रशांत सहारे, कोषाध्यक्ष श्री श्रेयांश सिंह, संरक्षक श्री जीवेश शर्मा, श्री चैतन्य तिवारी, श्री अनुराग शांति तुरे, श्री खिलेंद्र नामदेव, श्री आलोक श्रीवास्तव, श्री किशोर सोनी, श्री जितेंद्र यादव, श्री प्रकाश सिंह, श्री यतेंद्रजीत सिंह, श्री याहिया नियाजी, सुश्री शिवानी परिहार, श्री नीलेश कुमार यादव, श्री राजू यदु, श्री प्रदीप बोरकर, श्री यतीश साहू, श्री विमल बोरकर, श्री उमेश्वर वर्मा, श्री राजेंद्र सिंह चंदेल, श्री शैलेंद्र मिश्रा, श्री सोमेश लहरे, श्री रंजीत सिंह, श्री तुलेश सिन्हा, श्री साकेत श्रीवास्तव, श्री नवदीप श्रीवास्तव, श्री मनोहर सेन एवं श्री आकाश तिवारी सहित जिला पत्रकार संघ के सदस्य एवं इला सिद्दीकी, चांदनी यादव व अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।