भाई ने भाई पर किया जानलेवा हमला, बेसबॉल से सिर पर वार; आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव : गांव के एक विवाद की नाराजगी ऐसी बढ़ी कि भाई ने ही अपने भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। राजनांदगांव के ग्राम बोरी में आरोपी ने बेसबॉल के डंडे से सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में चिखली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5 बजे की है। पीड़ित गांव की किराना दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान उसका भाई गुलशन कुमार ताम्रकार वहां पहुंचा और गांव के एक युवक के साथ हुए विवाद को लेकर नाराजगी जताने लगा। इसी बात पर गाली-गलौज करते हुए उसने बेसबॉल के डंडे से पीड़ित के सिर, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर दिया। इसके बाद अपने पास रखे चाकू को लहराकर डराने-धमकाने लगा।

पीड़ित की शिकायत पर चिखली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने ग्राम बोरी में आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव के बाहरी इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी गुलशन कुमार ताम्रकार (24 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 07, ग्राम बोरी ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक बेसबॉल का डंडा और एक चाकू जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेशानुसार उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर सहित चौकी चिखली के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।