गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव : पुरानी रंजिश को लेकर राजनांदगांव में दो युवकों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एक युवक के सिर पर बांस के डंडे से वार किया, जबकि दूसरे युवक के सीने के बाईं ओर धारदार चाकू से हमला किया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 3 अपचारी बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 2 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे नंदई चौक के पास की है। शुभम भारती और वरुण नायक वहां खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रितेश यादव उर्फ लारो और उसके साथियों ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर शुभम के पिता राजू भारती उर्फ उत्तम मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान शुभम के सिर पर बांस के डंडे से और वरुण के सीने के बाईं ओर चाकू से वार किया गया। दोनों घायलों का शासकीय जिला अस्पताल राजनांदगांव में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
मामले की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 517/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 191 और 109 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
विवेचना और पूछताछ के दौरान घटना में चार बालिग आरोपियों के साथ तीन अपचारी बालकों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक धारदार चाकू और एक बांस का डंडा जब्त किया।
गिरफ्तार बालिग आरोपियों में रितेश यादव उर्फ लारो (22), भक्त राज ढीमर (26), साहिल कुरैशी (22) और हर्ष उर्फ हर्षवर्धन राय (19) शामिल हैं। चारों को 3 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, तीनों अपचारी बालकों को न्यायिक रिमांड पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पुरानी रंजिश को हिंसा का रूप न दें तथा कानून अपने हाथ में लेने से बचें।






