
ग्राम सभा एवं जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्रामीणों को वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025 की दी गई जानकारी
दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़), 25 अगस्त 2026। जिले में ग्राम सभा एवं जनसंवाद 2.0 कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025 के प्रावधानों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पंडेवार में विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर ग्रामीणों को अधिनियम के तहत उपलब्ध रोजगार, आजीविका एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।


कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को योजना की मूल भावना, पात्रता, रोजगार की मांग करने की प्रक्रिया, कार्यों के चयन, श्रमिकों की भागीदारी तथा ग्रामीण परिवारों को मिलने वाले रोजगार के अवसरों के बारे में बताया गया। पंचायत प्रतिनिधियों, रोजगार सहायकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं को सुना गया। ग्रामीणों को बताया गया कि योजना का उद्देश्य रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण, आजीविका के साधनों को मजबूत करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देना है।
इस दौरान ग्राम सभा की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की पहचान, प्राथमिकता निर्धारण एवं सामुदायिक सहभागिता को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। ग्रामीणों से ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने सुझाव एवं आवश्यकताएं सामने रखने की अपील की गई।
अधिकारियों ने बताया कि वीबी-जी राम जी अधिनियम 2025 की जानकारी प्रत्येक ग्रामीण तक पहुंचाना प्राथमिकता है। ग्राम सभा एवं जनसंवाद 2.0 के माध्यम से जागरूकता बढ़ाकर योजना में पारदर्शिता, जनभागीदारी एवं जवाबदेही को मजबूत किया जा रहा है। जिले में आगे भी पंचायत स्तर पर ऐसे जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र ग्रामीण योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।








