* सिंगारपुर में दहेज-मुक्त आदर्श विवाह समारोह संपन्न, समाज सुधार की दिशा में ऐतिहासिक पहल…
* सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ ऐतिहासिक कदम, आदर्श विवाह समारोह बना मिसाल…
* तेज बारिश भी नहीं रोक सकी उत्साह, श्री रामजानकी मंदिर में हुआ आदर्श विवाह समारोह…
बलौदाबाजार-भाटापारा ; तरेंगाराज देवांगन कल्याण समाज, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा आयोजित आदर्श विवाह समारोह सोमवार को श्री रामजानकी मंदिर, सिंगारपुर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, युवा, मातृशक्ति तथा बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
https://chhattisgarh-24-news.com/hr-policy-remained-imprisoned-in-the-files-for-23-months-a-test-of-the-governments-credibility/
समारोह को लेकर पूर्व में विभिन्न प्रकार की आशंकाएं और विरोध की चर्चाएं सामने आई थीं, लेकिन प्रशासन के सहयोग, समाजजनों के समर्थन तथा आयोजकों की तैयारी के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दिनभर हुई तेज बारिश भी समाजजनों के उत्साह को कम नहीं कर सकी।
सायं 4 बजे श्री रामजानकी मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने नवदंपति को सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विवाह संपन्न कराना नहीं, बल्कि दहेज-मुक्त, सादगीपूर्ण एवं संस्कारयुक्त विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना है। साथ ही अनावश्यक खर्च, दिखावा और सामाजिक कुरीतियों से समाज को दूर रहने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री चंद्रकांत यदु ने अपने संबोधन में समाज सुधार, एकता और संस्कृति संरक्षण पर जोर देते हुए इस पहल की सराहना की। समारोह की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष फेरुराम देवांगन ने की। उन्होंने संस्था के गठन, समाजहित के कार्यों तथा आदर्श विवाह अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी।
संस्था के संरक्षक दीनबंधु देवांगन ने अतिथियों एवं समाजबंधुओं का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन परस देवांगन ने किया। उन्होंने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता बताई।

विशिष्ट अतिथियों में शिवधारी देवांगन, अनिल देवांगन, अजय देवांगन सहित प्रदेश देवांगन कल्याण समाज के अनेक पदाधिकारी एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस आयोजन को समाज सुधार की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया।
आयोजन की सफलता में संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं, मीडिया प्रतिनिधियों, प्रशासन तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के माध्यम से समाज ने यह संदेश दिया कि सामाजिक एकता, संस्कार, शिक्षा और दहेज-मुक्त विवाह जैसी सकारात्मक परंपराएं ही समाज को नई दिशा प्रदान कर सकती हैं।




