बिलासपुर : ग्राम बसंतपुर के मकान में शख्स की शव मिलने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला हत्या का निकल गया। पैसे की लालच में चाचा ने अपने भतीजे को मारा था। आरोपी चाचा ने शराब पिलाकर उसने सिर पर लोहे का घन पटक दिया था तथा गला-मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। 13 सितंबर 2022 को सरपंच ने थाने में आकर जानकारी दी थी कि बसंतपुर में लखन पटेल के घर के बाहर ताला लगा हुआ है और भीतर से बदबू आ रही है।
पुलिस वहां गई और दरवाजा तोड़कर भीतर घुसी तो लखनलाल की कमरे में सड़ी गली लाश पड़ी मिली। पुलिस की जांच में यह पता चला कि लखनलाल अपने पिता बोधीराम के साथ मजदूरी करने लखनऊ गया था और दो माह पहले ही लौटा था। वह घर पर अकेले रहता था। पुलिस को यह जानकारी मिली कि आरोपी लखन लाल का चाचा रामलाल पटेल (25वर्ष) गांव से फरार है।
संदेह के आधार पर पुलिस ने टीम बनाकर उसका मोबाइल लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। उसका लोकेशन मुंबई तो कभी बेंगलुरू में बताता था। कल रात को मुखबिरों ने उसके बिलासपुर में होने की पक्की जानकारी दी। पुलिस ने गुरुनानक चौक के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पुलिस की सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी लखनलाल की हत्या करना कबूल कर लिया। लखनलाल के साथ वह जुआ खेलता था। इस दौरान उसने कुछ लोगों से उधार में पैसे लिए थे।
उसने लखनलाल के पास 60 हजार देख लिया था। फिर उसने लालच में लखनलाल की हत्या की योजना बनाई। 10 सितंबर की रात वह योजना के मुताबिक लखनलाल के घर गया और उसे ज्यादा मात्रा में शराब पिला दिया, फिर उसे सुलाने के बाद घर के अंदर रखे लोहे के घन से गले में दो बार वार किया और नाक-मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। कमरे में रखे 60 हजार लेकर फरार हो गया। जिसमे 40 हजार रूपए उसने घूमने फिरने में खर्चा कर दिया। उसके कब्जे से 20 हजार रुपए और हत्या में प्रयोग किया गया घन बरामद कर लिया गया है।




