टेमरी अंधेकत्ल का सुलझा मामला; मुख्य आरोपी आकाश बघेल गिरफ्तार
दुर्ग, : टेमरी (नगपुरा) में अज्ञात महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी आकाश बघेल उर्फ मोनू को दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। यह वही आकाश है, जिसने गंगोत्री उर्फ गंगा जांगड़े की बेरहमी से हत्या करवाई थी।
20 सितम्बर को ग्राम टेमरी में महिला का पत्थर से कुचला शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्काल मर्ग क्रमांक 87/2025 तथा अपराध क्रमांक 402/2025 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।
जाल में फंसाकर ली थी रकम, फिर कर दी हत्या
जांच में पता चला कि मृतिका गंगोत्री जांगड़े को आकाश बघेल ने नौकरी का झांसा देकर हजारों रुपये ठगे थे। आरोपी आकाश ने खुद को एक अधिकारी “अमन” के नाम से भी फोन कर मृतिका को धोखे में रखा। जब गंगोत्री ने पैसे के बावजूद नौकरी न मिलने पर शिकायत की बात कही, तो आकाश ने उसका खात्मा करने की साजिश रची।
सुपारी देकर कराई हत्या
आकाश ने अपने साथी निर्भय जांगड़े को एक लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवायी। 19 सितम्बर को दोनों ने मिलकर गंगोत्री को टेमरी बुलाया, उसे खाना खिलाने के बहाने सुनसान जगह ले गए और बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा पत्थरों से कुचल दिया गया।
फरारी के दौरान बदला शहर
हत्या के बाद आकाश डोगरगढ़ के मेले और तिरुअनंतपुरम में फरारी काटता रहा। हेमलता बंजारे नामक महिला के कहने पर उसने लगातार स्थान बदले। आखिरकार आज 29 सितम्बर को पुलिस ने उसे दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास से धर दबोचा।
पुलिस ने इससे पहले हत्या में शामिल 6 अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आकाश को आज न्यायालय में पेश किया गया।




