गुरुदेव देवांगन, रायपुर । बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा सार्वजनिक मंच से व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताने का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
वायरल वीडियो के बाद सियासी बयानबाजी तेज
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की नाराजगी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में प्रशासनिक अव्यवस्था बढ़ रही है और सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।
भूपेश बघेल बोले- यह सिर्फ नाराजगी नहीं, राजनीतिक संदेश
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में डॉ. रमन सिंह का इस तरह नाराज होना सामान्य घटना नहीं माना जा सकता।
उन्होंने कहा कि रमन सिंह का बयान एक राजनीतिक संदेश की तरह है। भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि डॉ. रमन सिंह मानो यह संकेत दे रहे हैं कि वर्तमान नेतृत्व से काम नहीं हो पा रहा है और व्यवस्था संभालने की जरूरत है।
भूपेश ने आरोप लगाया कि सुशासन तिहार के दौरान प्रदेशभर से अव्यवस्थाओं और शिकायतों की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रशासन पर नियंत्रण कमजोर होता दिखाई दे रहा है।
दीपक बैज ने उठाए सुशासन के दावों पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी इस मामले को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जिस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष स्वयं व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हों, वहां सरकार के सुशासन के दावों की हकीकत सामने आ जाती है।
बैज ने कहा कि एक ओर अधिकारी विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर वे सार्वजनिक मंच से नाराजगी जाहिर कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह खुद यह कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने ऐसी व्यवस्था नहीं देखी थी।
‘सरकार आखिर चल कौन रहा है?’- दीपक
दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान हालात देखकर यह समझना मुश्किल हो गया है कि प्रदेश की सरकार आखिर चल कौन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रशासनिक मोर्चे पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रही है।
पहले व्यवस्था सुधारिए, फिर मनाइए सुशासन तिहार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार प्रदेशभर में सुशासन तिहार मना रही है, लेकिन उससे पहले प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जब लगातार अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, तब सरकार को जमीनी स्तर पर सुधार पर ध्यान देना चाहिए।
तहसीलदार आंदोलन का मुद्दा भी उठाया
दीपक बैज ने सीतापुर में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना और उसके बाद तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों के आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है।
भाजपा विधायक की गिरफ्तारी की मांग
सीतापुर प्रकरण को लेकर दीपक बैज ने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो का नाम लेते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है सियासत
कांग्रेस नेताओं के इन बयानों के बाद बेमेतरा विवाह समारोह की अव्यवस्था और सीतापुर प्रकरण को लेकर प्रदेश की राजनीति और गरमाने के संकेत मिल रहे हैं। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है।




