हर्षोल्लास से मनाया मां शाकंभरी जयंती, लक्ष्मीनारायण पटेल बने पटेल समाज पाटन राज के अध्यक्ष

* माँ शाकम्भरी पूजा महोत्सव में समाज का चुनाव, लक्ष्मी नारायण पटेल पुनः अध्यक्ष निर्वाचित…
* पाटन राज के 54 गांवों के प्रतिनिधियों ने फिर जताया लक्ष्मी नारायण पटेल पर भरोसा, पटेल समाज पाटन राज में फिर लहराया लक्ष्मी नारायण पटेल का परचम…

पाटन: कोसरिया मरार (पटेल) समाज पाटन राज द्वारा शनिवार को मुख्यालय स्थित पटेल धर्मशाला, पुराना बस स्टैंड पाटन में माँ शाकम्भरी पूजा महोत्सव, वार्षिक उत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे दीप प्रज्ज्वलन, पूजा-अर्चना और हवन के साथ हुई। इसके बाद समाज के बुजुर्गों का सम्मान तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

दोपहर 1 बजे से सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया और समाज के पदाधिकारियों द्वारा आय-व्यय की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर कोसरिया मरार पटेल समाज पाटन राज की चुनाव प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में लक्ष्मी नारायण पटेल पुनः अध्यक्ष निर्वाचित हुए।

चुनाव में कुल 74 मत पड़े, जिनमें से लक्ष्मी नारायण पटेल को 44 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी पवन पटेल (फेकारी) को 30 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार लक्ष्मी नारायण पटेल ने स्पष्ट बहुमत से जीत दर्ज की।

बताया जाता है कि पटेल समाज पाटन राज के अंतर्गत लगभग 54 गांव शामिल हैं, जो मुख्य रूप से पाटन विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समाज के सदस्यों और समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी।

पुनः अध्यक्ष निर्वाचित होने पर लक्ष्मी नारायण पटेल ने समाज के सभी बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष और दूरसंचार माध्यमों से जो स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उसके लिए वे हृदय से कृतज्ञ हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आगे भी समाज के लोगों का सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा तथा वे समाज की एकता और विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।