कृष्णा सिंह को मिला चरित्र सत्यापन प्रमाण पत्र, पुलिस जांच में नहीं मिला कोई आपराधिक रिकॉर्ड
एमसीबी। जिला प्रशासन द्वारा अभ्यर्थी कृष्णा सिंह के चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कर चरित्र सत्यापन प्रमाण पत्र प्रदाय कर दिया गया है। पुलिस विभाग द्वारा की गई विस्तृत जांच में अभ्यर्थी का रिकॉर्ड पूरी तरह साफ पाया गया तथा उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार का आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं होना पाया गया।
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, ग्राम छिपछिपी, थाना झगराखाण्ड निवासी कृष्णा सिंह, आत्मज दुबराज सिंह के चरित्र सत्यापन के संबंध में पुलिस विभाग से जांच प्रतिवेदन प्राप्त किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं थाना प्रभारी झगराखाण्ड की रिपोर्ट के आधार पर अभ्यर्थी के संबंध में थाना रिकॉर्ड तथा ग्राम अपराध पुस्तिका की जांच की गई।
जांच में अभ्यर्थी के विरुद्ध कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं पाया गया। साथ ही पुलिस जांच में उनके किसी भी प्रकार की अवांछनीय अथवा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने की जानकारी भी सामने नहीं आई।
प्रक्रियाधीन प्रमाण पत्र पर तत्काल कार्रवाई
कृष्णा सिंह का चरित्र सत्यापन प्रमाण पत्र प्रक्रियाधीन था। प्रकरण की आवश्यकता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रक्रिया को प्राथमिकता से लेते हुए तत्काल पूर्ण कराया गया। पुलिस जांच में रिकॉर्ड साफ पाए जाने के बाद चरित्र सत्यापन प्रमाण पत्र तैयार कर कृष्णा सिंह को प्रदाय कर दिया गया।
इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा अनुमोदित डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त सत्यापन प्रतिवेदन डिप्टी कलेक्टर के माध्यम से संबंधित कमांडेंट ऑफिसर, Unit 1/4 GR, C Coy को आगामी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया गया।
जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से कृष्णा सिंह की चरित्र सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूर्ण हुई और उन्हें चरित्र सत्यापन प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया, जिससे आगामी आवश्यक कार्रवाई का मार्ग प्रशस्त हुआ। प्रशासन द्वारा विभिन्न शासकीय एवं आवश्यक प्रक्रियाओं में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।






