
बालिका शिक्षा से आर्थिक मजबूती तक, धाकड़ समाज ने तय की विकास की दिशा
जगदलपुर(मनोज ठाकुर)। बस्तर धाकड़ समाज कल्याण समिति जिला बस्तर (पंजीयन क्रमांक 10281) की बैठक रविवार को मावली मंदिर, जगदलपुर में जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समाज के विकास, बालिका शिक्षा, आर्थिक सशक्तीकरण एवं संगठन की वित्तीय पारदर्शिता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में समाज की वित्तीय व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों, सचिवों एवं कोषाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैंक खाता खोलने के निर्देश दिए गए। आय-व्यय का व्यवस्थित लेखा-जोखा रखने तथा वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बेटियों की शिक्षा को मिलेगी प्राथमिकता
समाज की बालिकाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विशेष योजना को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई। इसके सुचारू संचालन के लिए पृथक बैंक खाता खोलने का निर्णय लिया गया। बालिकाओं की शिक्षा में सहयोग के लिए समाज स्तर पर सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया।
कल्याण निधि से जरूरतमंदों को आर्थिक संबल
समाज के जरूरतमंद सदस्यों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘कल्याण निधि’ योजना गठित की गई। इसके माध्यम से समाज में बचत की भावना को बढ़ावा देने के साथ आवश्यकता के समय पात्र सदस्यों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। समिति की वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आगामी छह माह के भीतर ऑडिट कराने का निर्णय भी लिया गया। जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने समाजजनों से योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सहयोग और सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बैठक में उपाध्यक्ष तुलाराम ठाकुर, बद्रीनाथ ठाकुर, पुरन ठाकुर, सचिव राजुराम ठाकुर, सह सचिव लक्ष्मण सिंह ठाकुर, प्रवक्ता शंकर ठाकुर, सुरेन्द्र ठाकुर, लंबोदर ठाकुर, मीडिया प्रभारी प्रेमसागर ठाकुर तथा क्षेत्र अध्यक्ष हाकिम सिंह ठाकुर, खगेश्वर ठाकुर, गोविन्द सिंह ठाकुर, देवराज ठाकुर, शशिन्र्द ठाकुर, धनसिंह ठाकुर सहित सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।








