भिलाई : धमधा में बड़ा सड़क हादसा हो गया है। बस ने ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी है। एक्सीडेंट इतनी तेज थी बाइक में सवार तीनों छात्रों की मौत हो गई। तीनों छात्र 12वीं में पढ़ते थे और त्रैमासिक परीक्षा देकर वापिस घर लौट रहे थे शाम 5.30 बजे राटाडाह चौक के पास पहुंचे ही थे की सामने से दुर्ग की ओर से आ रही नवीन ट्रैवल्स की यात्री बस (CG07E9909) ने अपनी चपेट में ले लिया। और दो लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीँ एक छात्र को एंबुलेंस से दुर्ग लाया गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।
धमधा थाना प्रभारी विपिन रंगारी ने बताया कि कल शाम राटाडाह चौक के पास सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली थी। तीनों छात्र ग्राम देवरी के निवासी थे। धमधा शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बालक में पढ़ते थे। और उनकी त्रैमासिक परीक्षा चल रही थी। तीनों छात्र बाइक क्र. (CG 07 M 8598) से परीक्षा देने धमधा गए हुए थे। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक मुकेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

बिना हेलमेट के चला रहे थे बाइक
मृतकों की पहचान कोमल साहू (18वर्ष), चंद्रशेखर साहू (17वर्ष), दीपक साहू (17वर्ष) के रूप में हुई है। दीपक अपने घर में 4 बहनों में एक अकेला था, और उसकी मौत से घर का चिराग ही बुझ गया। बताया जा रहा है की तीनों छात्र नाबालिग हैं। तीनों ने हेलमेट नहीं पहने थे। इसी के चलते उनके सिर और चेहरे में गहरी चोट आई और उनकी मौत हुई है।
एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने अभिभावकों से अपील की है कि वह नाबालिग बच्चों को गाड़ी न दें। साथ ही बिना हेलमेट के गाड़ी बिल्कुल न चलाएं। बिना ड्राइविंग लाइसेंस के और 18 साल से कम उम्र में गाड़ी चलाना कानूनन अपराध है। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।




