IG अजय कुमार यादव ने की दोषमुक्त मामलों की समीक्षा, विवेचना सुधारने पर दिया जोर!

गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव : पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय कुमार यादव के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, राजनांदगांव में दोषमुक्त प्रकरणों की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के क्रिमिनल अपील क्रमांक 1485/08, गुजरात राज्य विरुद्ध किशन भाई में पारित आदेश के परिप्रेक्ष्य में न्यायालय से दोषमुक्त हुए आपराधिक मामलों की विवेचना एवं अभियोजन प्रक्रिया की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान वर्ष 2026 के मई माह के 208 तथा जून माह के 187, कुल 395 दोषमुक्त प्रकरणों का परीक्षण किया गया। समीक्षा में इन प्रकरणों में विवेचना एवं अभियोजन के दौरान हुई संभावित त्रुटियों और कमियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जांच के दौरान 11 प्रकरणों में विवेचक स्तर की त्रुटियां, जबकि 28 प्रकरण अपील योग्य पाए गए।

गुणवत्तापूर्ण विवेचना पर जोर

पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय कुमार यादव ने आपराधिक मामलों की प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक प्रकरण में विवेचना के प्रत्येक चरण में साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत संकलन, दस्तावेजीकरण और न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है।

बैठक में अभियोजन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। न्यायालय में लंबित प्रकरणों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा प्रकरणों के सफलतापूर्वक निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

दोषसिद्धि बढ़ाने पर विशेष ध्यान

समीक्षा बैठक में संबंधित अभियोजन अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि न्यायालय में लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी की जाए और अभियोजन पक्ष की ओर से उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों को मजबूती से प्रस्तुत किया जाए। साथ ही दोषसिद्धि की दर में सुधार एवं बढ़ोतरी के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

दोषमुक्त प्रकरणों की समीक्षा का उद्देश्य विवेचना एवं अभियोजन प्रक्रिया में सामने आने वाली कमियों की पहचान कर उनमें सुधार करना और भविष्य में आपराधिक मामलों की जांच तथा न्यायालयीन पैरवी को अधिक प्रभावी बनाना है।

बैठक में प्रभारी संयुक्त संचालक/उपसंचालक अभियोजन राजनांदगांव रेंज श्री डी.के. जैन, उपसंचालक अभियोजन जिला कबीरधाम श्री कुलरंजन कुजूर, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी खैरागढ़ श्री सुनील कुमार राठौर, सहायक जिला अभियोजन अधिकारी अंबागढ़ चौकी श्री ललित साहू सहित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता वाधवानी एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नवी मोनिका पांडे उपस्थित रहीं।

बैठक में दोषमुक्त प्रकरणों से प्राप्त अनुभवों के आधार पर विवेचना एवं अभियोजन की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा न्यायालयीन प्रकरणों में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।