गणेश उत्सव को लेकर पुलिस का एक्शन प्लान तैयार, 70 से ज्यादा समितियों के साथ पुलिस की बैठक, SP अंकिता शर्मा ने दिए सख्त निर्देश

गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव : आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस कार्यालय राजनांदगांव में शहर की 70 से अधिक गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उत्सव के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और पुलिस-समिति के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक साइबर शाखा तथा शहर के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

One Cop – One Pandal से बढ़ेगा सुरक्षा समन्वय

बैठक में राजनांदगांव पुलिस की विशेष पहल “One Cop – One Pandal” की जानकारी दी गई। इसके तहत बड़े, मध्यम एवं संवेदनशील गणेश पंडालों में “Pandal Police Mitra” की तैनाती की जाएगी। ये पुलिस मित्र संबंधित गणेश उत्सव समिति और पुलिस के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने का काम करेंगे। इस पहल का उद्देश्य पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, भीड़ को व्यवस्थित रखने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता को तेजी से उपलब्ध कराना है।

प्रवेश-निकास और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

पुलिस ने गणेश समितियों को पंडालों में प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग मार्ग, बैरिकेडिंग, दर्शन के लिए कतार व्यवस्था और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता हर समय खुला रखने को कहा गया। अधिक भीड़ की स्थिति में श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए समितियों को पुलिस के साथ समन्वय कर काम करने की समझाइश दी गई।

CCTV और फायर सेफ्टी पर भी निर्देश

गणेश पंडालों में CCTV कैमरों की निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित विद्युत वायरिंग और अग्नि सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा पंडालों में पर्याप्त संख्या में पहचान योग्य स्वयंसेवकों की व्यवस्था करने को कहा गया।

नशा, हथियार और जुआ-सट्टे पर सख्ती

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव के दौरान नशे में उपद्रव, हथियारों का प्रदर्शन, जुआ-सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने गणेश उत्सव समितियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित न करने की भी समझाइश दी गई।

पुलिस और समितियों के समन्वय से सुरक्षित होगा उत्सव

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि गणेश उत्सव राजनांदगांव जिले की गौरवशाली परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में भगवान गणेश के दर्शन कर सके। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों से पुलिस के साथ निरंतर समन्वय और सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और गणेश उत्सव समितियां आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करेंगी, ताकि गणेश उत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।