* ‘जेंडर रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस’ पर मंथन, हर्षिता बघेल ने साझा किए विचार…
* ताज होटल में दो दिवसीय कार्यशाला, महिला-केंद्रित नीतियों पर हुआ मंथन…
नई दिल्ली। ताज होटल में महिला विधायकों के लिए “जेंडर रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस” विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने भाग लिया।
कार्यशाला का उद्देश्य शासन और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ महिला-केंद्रित नीतियों के निर्माण एवं क्रियान्वयन पर मंथन करना रहा।
कार्यशाला के दौरान महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा सहित शासन व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों और महिला विधायकों के बीच विचार-विमर्श हुआ।
विधायक हर्षिता बघेल ने भी संवाद में भाग लेते हुए महिलाओं के लिए अधिक प्रभावी एवं समावेशी व्यवस्था विकसित करने को लेकर अपने विचार साझा किए।
विधायक हर्षिता बघेल ने कहा कि सशक्त और समावेशी समाज के निर्माण के लिए शासन में महिलाओं की समान और सार्थक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के दौरान मिले अनुभवों और विचारों को डोंगरगढ़ क्षेत्र के विकास तथा महिलाओं के हित में उपयोगी बनाने का प्रयास किया जाएगा।






