कवर्धा । कबीरधाम और आसपास के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर जिले की तीन सबसे अहम सड़क परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति देने की मांग उठाई। केंद्रीय मंत्री ने इन मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।
सांसद संतोष पांडेय ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के अंतर्गत धवईपानी (छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक करीब 125 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण का प्रस्ताव सौंपा। उन्होंने बताया कि यह मार्ग छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला प्रमुख राष्ट्रीय मार्ग है, जहां हर दिन भारी वाहनों सहित हजारों वाहन गुजरते हैं। खासकर चिल्फी घाटी में अक्सर कई घंटों तक जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फोरलेन बनने से यातायात सुगम होगा और यात्रा का समय भी कम होगा।
सांसद ने कवर्धा-खैरागढ़ सड़क की बदहाल स्थिति का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि यह कबीरधाम, खैरागढ़ और राजनांदगांव को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, लेकिन सड़क जर्जर होने और चौड़ाई कम होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं और आवागमन की समस्या बनी रहती है। उन्होंने इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए CRIF (Central Road and Infrastructure Fund) से जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया।
इसके अलावा सांसद ने कवर्धा शहर में नए बायपास निर्माण की मांग भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखी। उनका कहना है कि बायपास बनने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और लोगों की आवाजाही आसान होगी।
सांसद संतोष पांडेय ने बताया कि वे पहले भी इन तीनों परियोजनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। इस बार भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए जल्द स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिया।
मुलाकात के दौरान सांसद ने राजनांदगांव-खैरागढ़ सड़क तथा राजनांदगांव-डोंगरगांव-मोहला-मानपुर मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए CRIF से राशि स्वीकृत करने पर केंद्रीय मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।





