संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’: भिलाई जिले के हर मंडल में निकलेगी पवित्र कलश यात्रा

संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’: भिलाई जिले के हर मंडल में निकलेगी पवित्र कलश यात्रा

भिलाई। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे जिले में एक व्यापक सामाजिक और सांस्कृतिक अभियान चलाने जा रही है। भाजपा जिला भिलाई के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी ने संत रविदास जी के जीवन दर्शन, विचारों और सीख को जन-जन तक पहुँचाने के लिए ‘समरसता संकल्प अभियान’ की रूपरेखा तैयार की है। इस पवित्र अभियान के अंतर्गत भिलाई जिले के सभी मंडलों में कलश यात्राएं आयोजित की जाएंगी।

वाराणसी की पवित्र माटी से पूजित कलशों का होगा वितरण

​अभियान के मुख्य कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने बताया कि वाराणसी से लाई गई माटी युक्त पवित्र कलशों का पूजन राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में पूज्य साधु-संतों की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हो चुका है।

​इसके पश्चात 4 अगस्त को राजधानी स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में भव्य कलश वितरण समारोह का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेशभर के साधु-संत एवं विभिन्न समाजों के प्रमुख विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर ये पवित्र कलश प्रदेश के सभी 36 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्षों को सौंपे जाएंगे। इसके बाद राज्य के कुल 479 मंडलों में कलश वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

माघ पूर्णिमा तक निरंतर सक्रिय रहेगा अभियान

​पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि संत रविदास जी हमारे लिए प्रेरणापुंज और प्रेरणा पुरुष हैं। यह यात्रा पूरे भिलाई जिले में घर-घर और जन-जन तक जाएगी, लोगों से संवाद स्थापित करेगी और समाज में एकता, संवेदनशीलता व समावेशिता का संकल्प दिलाएगी।

​यह अभियान आगामी वर्ष की माघ पूर्णिमा (संत रविदास जयंती) तक पूरे एक वर्ष तक निरंतर सक्रिय रूप से चलाया जाएगा। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग के बीच पहुँचकर संत रविदास के समरसता, समानता और बंधुत्व के संदेशों को प्रचारित-प्रसारित करेंगे।

जिले में होगा व्यापक भ्रमण

​वाराणसी की पवित्र माटी से युक्त कलशों का भिलाई जिले में प्रवेश पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यह कलश यात्रा जिले के प्रत्येक मंडल और क्षेत्र में भ्रमण करेगी। जिलाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि इस अभियान के माध्यम से पूरे जिले एवं प्रदेश में सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और सद्भाव का एक सकारात्मक वातावरण निर्मित होगा।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।