गरियाबंद। संभाग स्तरीय खो-खो खेल प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे रायपुर, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिले के करीब 400 स्कूली छात्र-छात्राओं, कोच एवं शिक्षकों को स्थानीय पुलिस अधिकारियों / कर्मचारियों द्वारा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पीएम श्री हिंदी माध्यम स्कूल, गरियाबंद के खेल मैदान में आयोजित साइबर जनजागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं टीम ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों की जानकारी देते हुये उनसे बचने के उपाय बताये।
इस दौरान ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक एवं ओटीपी के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी सहित सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति सावधानी बरतने की अपील की गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते से संबंधित जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड विवरण, पासवर्ड,ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिये,साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
साइबर जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों एवं उनके साथ आये कोच-शिक्षकों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।






