रायगढ़ : पोस्ट ऑफिस रोड स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान से ईयरबड्स, पावर बैंक, मेमोरी कार्ड, पेन ड्राइव और कैमरा की चोरी करने वाले दोषी को खरसिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दोषी की पहचान श्याम केंवत उर्फ लैलु (उम्र 19 वर्ष) निवासी पुरानी बस्ती खरसिया के रूप में हुई है।
इस मामले की रिपोर्ट 24 फरवरी 2025 को विवेक गुप्ता (26 वर्ष), वार्ड क्रमांक 05 हमालपारा खरसिया निवासी द्वारा चौकी खरसिया में दर्ज कराई गई थी। रिपोर्टकर्ता ने यह बताया कि वह नगरपालिका द्वारा आबंटित दुकान क्रमांक 56 में ‘विवेक मोबाइल’ के नाम से एक मोबाइल रिपेयरिंग शॉप चलाता है। 20 और 21-22 फरवरी की दरम्यानी रात उसकी दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने चार नग ईयरबड्स, एक पावर बैंक, मेमोरी कार्ड, पेन ड्राइव और एक कैमरा के साथ करीब कुल 11,520 रुपये के सामान चोरी कर लिए।
आवेदन पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 98/2025, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। इस बीच आज खरसिया चौकी प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की घटना में श्याम केंवत उर्फ लैलु शामिल है। शीघ्र कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने उसे तलब किया और पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपने दोनो साथियों के साथ मिलकर चोरी की है यह स्वीकार कर लिया है। आरोपी के मेमोरेंडम पर चोरी गया एक पावर बैंक, दो मेमोरी कार्ड, एक सीसीटीवी कैमरा और एक पेन ड्राइव कुल 4,600 रुपये का सामान पाया गया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजा गया है।




