* नगर देवांगन समाज का त्रैवार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न, राजकुमार देवांगन बने अध्यक्ष..
* 1074 मतदाताओं की सहभागिता से देवांगन समाज चुनाव बना लोकतंत्र का उत्सव…
* युवा अध्यक्ष पद पर चिरंजीव देवांगन की जीत, युवाओं और महिलाओं की रही अहम भूमिका…
पाटन(दुर्ग) : नगर देवांगन समाज का त्रैवार्षिक चुनाव वर्ष 2025 के अंतर्गत आज देवांगन भवन, पाटन में शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के सफल आयोजन पर समाजजनों ने सभी चुनाव अधिकारियों के समर्पण, मेहनत और निष्पक्षता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
इस चुनाव में समाज के कुल 1074 मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने चुनाव उत्सव को और अधिक जीवंत बना दिया। मतदान के प्रति समाज में गजब का उत्साह देखने को मिला।
अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में श्री राजकुमार राज देवांगन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नीरज देवांगन को 209 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं, नगर युवा अध्यक्ष पद के चुनाव में चिरंजीव देवांगन ने छोटे लाल देवांगन को 118 मतों से हराकर विजय प्राप्त की।
अध्यक्ष एवं युवाध्यक्ष चुनाव को लेकर आज सुबह से ही देवांगन भवन में गहमा-गहमी का माहौल रहा। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने के लिए पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था की गई थी।
वहीं परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर बधाई दी। समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं एवं युवाओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और युवा अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। समाजजनों ने इस सफल चुनाव प्रक्रिया के लिए चुनाव अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।




