रिपोर्टर – शशिकांत सनसनी, बालोद । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है… जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की स्वर्गीय माता के नाम पर बनाए गए बिंदेश्वरी बघेल पार्क में बीते दो वर्षों से अवैध रूप से बिजली चोरी की जा रही थी। डौंडीलोहारा एसडीएम ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए न सिर्फ बिजली कनेक्शन काटा, बल्कि अब पार्क को भी सील कर दिया गया है।

दरअसल, डौंडीलोहारा ब्लॉक के जेवरतला विद्युत वितरण केंद्र के तहत आने वाले ग्राम भरदा/ट में स्थापित इस पार्क में कैंटीन और अन्य सुविधाओं के लिए बिना वैध कनेक्शन के बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग, विद्युत विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान निम्नदाब लाइन से हुकिंग के जरिए थ्री फेस सप्लाई का अवैध उपयोग किया जाना पाया गया। टीम ने मौके से 659 एमएम का चार-कोर काला केबल, 50 मीटर वायर और अन्य उपकरण ज़ब्त किए हैं।
14,860 वॉट तक का विद्युत भार उपयोग में लिया जा रहा था। इस मामले में पार्क और कैंटीन संचालक, कांग्रेस नेता व पूर्व जनप्रतिनिधि राजेश साहू के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई है। बता दें, इस पार्क का लोकार्पण स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 10 जुलाई 2023 को किया था, जहां उन्होंने अपनी मां बिंदेश्वरी बघेल की प्रतिमा का अनावरण भी किया था। अब इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है और विद्युत विभाग आगे की कानूनी कार्यवाही में जुटा है। बालोद जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक में पूर्व सीएम भूपेश बघेल की मां के नाम पर बने बिंदेश्वरी पार्क में बिजली चोरी का बड़ा खुलासा।
दो साल से बिना कनेक्शन के बिजली खपत कर रहा था पार्क और कैंटीन, विभाग की जांच में हुआ पर्दाफाश। एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस और विद्युत विभाग की संयुक्त कार्रवाई में हुकिंग करते पाए गए उपकरण जब्त। मौके से 659MM का 4-कोर केबल, 50 मीटर वायर और अन्य उपकरण जब्त, 14,860 वॉट भार उपयोग में पाया गया। कांग्रेस नेता व पूर्व सदस्य राजेश साहू के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज। बिंदेश्वरी पार्क को किया गया सील, विद्युत विभाग ने बंद की आपूर्ति। यह पार्क 10 जुलाई 2023 को भूपेश बघेल द्वारा किया गया था लोकार्पित।




