शशिकांत सनसनी रायपुर छत्तीसगढ़
रायपुर/जगदलपुर – बड़ा बवाल: मंत्री केदार कश्यप पर संविदा कर्मचारी से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल
छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन व परिवहन मंत्री केदार कश्यप एक गंभीर विवाद में फंस गए हैं। उन पर जगदलपुर सर्किट हाउस में एक संविदा कर्मचारी की जूते से पिटाई और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
क्या है मामला
संविदा कर्मचारी खितेंद्र पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले 20 वर्षों से सर्किट हाउस में कार्यरत हैं। शनिवार शाम नाश्ता बनाने के दौरान मंत्री के सुरक्षाकर्मी उन्हें बुलाकर ले गए। आरोप है कि कमरे का ताला समय पर न खुलवाने से नाराज़ होकर मंत्री ने जूते से मारपीट की और अपशब्द कहे। देर रात उन्होंने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
कांग्रेस का हमला
घटना पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा – “चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के साथ मंत्री का व्यवहार निंदनीय है। यह उनका दंभ और अहंकार दर्शाता है।”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा – “भाजपा सरकार के मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर में कर्मचारी को गालियां दीं और पीटा। मां की गाली देने वाले मंत्री का इस्तीफ़ा तो भाजपा को लेना ही चाहिए और उन्हें सार्वजनिक माफ़ी भी मांगनी चाहिए।”
मंत्री की सफाई
वहीं मंत्री केदार कश्यप ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा – “मैंने किसी से मारपीट नहीं की। केवल कर्मचारियों को डांटा था। मारपीट और गाली-गलौज की बातें पूरी तरह झूठी और बेबुनियाद हैं।”




