खैरागढ़ में अवैध शराब और ओवररेटिंग का मुद्दा गरमाया, जोगी कांग्रेस ने SSP को सौंपा ज्ञापन

गुरुदेव देवांगन, खैरागढ़ : जिले में कथित अवैध शराब बिक्री, कोचियागिरी और शराब दुकानों में ओवररेटिंग के मुद्दे को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने सवाल उठाए हैं। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मामले में जांच के साथ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महासचिव नवीन अग्रवाल भी मौजूद रहे।

गांव-गांव शराब पहुंचाने का आरोप

जोगी कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया कि खैरागढ़ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में देशी और विदेशी शराब दुकानों से कथित तौर पर शराब कोचियों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है। पार्टी का कहना है कि यदि ऐसा हो रहा है तो इससे ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है।

ज्ञापन में राजनांदगांव जिले की सीमा से लगे क्षेत्रों में कथित कोचियागिरी का मुद्दा भी उठाया गया। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

शराब दुकानों में ओवररेटिंग की शिकायत

जोगी कांग्रेस ने शराब दुकानों में निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बेचने यानी ओवररेटिंग की शिकायतों पर भी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने मांग की कि संबंधित शराब दुकानों के कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

“निष्पक्ष जांच हो” — शमसुल आलम

कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसुल आलम ने कहा कि अवैध शराब बिक्री और कोचियागिरी पर रोक लगाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि शराब दुकानों से ही अवैध रूप से शराब की सप्लाई या ओवररेटिंग की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

ग्रामीण क्षेत्रों में सख्ती की मांग

प्रदेश महासचिव नवीन अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक अवैध शराब की पहुंच रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जोगी कांग्रेस जनहित से जुड़े ऐसे मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जोगी कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा से मामले में शीघ्र जांच और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।