26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
भिलाई। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह गुरुवार को कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। दुर्ग-भिलाई में 31 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने अपने स्कूली जीवन के खेल अनुभव साझा करते हुए कहा कि खेल के मैदान से मिले संस्कार जीवनभर साथ रहते हैं।
सांसद ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार खेलों के विकास तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तिरंगा गौरवान्वित कर रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। विशेष अतिथि दुर्ग महापौर अलका बघमार ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व को भी निखारते हैं।
इससे पूर्व संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के.वी. राव ने स्वागत भाषण दिया। समारोह में शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी, विभिन्न संभागों के दल प्रबंधक, व्यायाम शिक्षक, ऑफिशियल्स और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
समापन समारोह में एसएनजी एवं सेजेस बालाजी नगर भिलाई के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन ममता ध्रुव एवं नरोत्तम साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सहायक संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के.के. शुक्ला ने किया। इस अवसर पर विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों एवं दल प्रबंधकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहभागिता की।






