जन्मदिन पर पौधरोपण कर पेश की मिसाल, पर्यावरण प्रेमी गणेश साहू का सराहनीय प्रयास
कठिया/तुमा (बेमेतरा): पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल के तहत पर्यावरण प्रेमी संगठन, जिला बेमेतरा के सचिव श्री गणेश कुमार साहू ने अपने जन्मदिन के अवसर पर ग्राम तुमा के मुक्तिधाम परिसर में गुलमोहर, चंदन, शीशम और पीपल जैसे छायादार व औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्री साहू ने ग्राम तुमा के पर्यावरण प्रेमी संगठन को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए शील्ड देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में संगठन अध्यक्ष श्री मनीष साहू एवं सचिव श्री इन्दजीत साहू भी उपस्थित रहे।
पौधरोपण कार्यक्रम में जिलेभर से संगठन के कई पदाधिकारी व सदस्य भी शामिल हुए। इनमें जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण साहू, गणेश सेठ, प्रकाश साहू, चम्मच निषाद, अक्षय साहू, रामकृष्ण सेन, मुकेश साहू, किसन साहू, सुनील बल्लु, राजेन्द्र निषाद, केदार व संतोष निषाद प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
श्री गणेश साहू ने इस अवसर पर कहा कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़ लगाना हमारा कर्तव्य है। जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसरों को पर्यावरण सेवा में लगाना एक छोटा प्रयास है लेकिन इससे समाज में बड़ा संदेश जाता है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संकल्प भी लिया।




