* जागृति स्कूल बटरेल बनेगा शासकीय, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दिया आश्वासन…
* 54 वर्षों से शिक्षा की अलख जगा रहा जागृति स्कूल, अब मिलेगा शासकीय दर्जा…
* वार्षिक उत्सव में गूंजा शासकीयकरण का मुद्दा, मंत्री ने मंच से की घोषणा…
दुर्ग-पाटन/बटरेल: जागृति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बटरेल में वार्षिक उत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। उनके साथ विशिष्ट अतिथि श्रीमती रामशिला साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कल्पना नारद साहू, जनपद सदस्य पाटन अजय साहू, ग्राम पंचायत बटरेल की सरपंच श्रीमती एमन आठे तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री टी.के. पिपरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव का विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों द्वारा जोशीला और आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री दयाराम साहू ने विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मांग पत्र का वाचन करते हुए शिक्षा मंत्री को सौंपा। उन्होंने बताया कि जागृति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वर्ष 1968 से संचालित हो रहा है तथा वर्ष 1972 से इसे अनुदान प्राप्त हो रहा है।
वर्तमान में विद्यालय को 100 प्रतिशत अनुदान मिल रहा है, जिससे शिक्षकों को शासकीय विद्यालयों के समान वेतन तो मिल रहा है, लेकिन पेंशन एवं अन्य सुविधाओं से वे वंचित हैं। साथ ही विद्यार्थियों को भी पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
मांग पत्र में जर्जर शासकीय मिडिल स्कूल भवन के जीर्णोद्धार, विद्यालय को शासकीय घोषित करने तथा सुलभ शौचालय निर्माण जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान मंच से स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने 100 प्रतिशत अनुदान प्राप्त जागृति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बटरेल को शीघ्र ही शासकीय करने का आश्वासन दिया, जिससे उपस्थित शिक्षकों, छात्रों एवं ग्रामीणों में हर्ष का माहौल देखा गया।
समारोह में जागृति शिक्षा समिति बटरेल के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री दयाराम साहू, प्राधिकृत अधिकारी श्री नारद साहू एवं श्री कमलेश साहू, सचिव श्री भागदास मार्कण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती लोचन बाई साहू, कोषाध्यक्ष श्री यादोराम साहू, सांसद प्रतिनिधि टेमन सपहा, विधायक प्रतिनिधि भेष कुमार आठे सहित समिति के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




