शिवोम् विद्यापीठ में शिवांजलि महोत्सव का गरिमामय समापन

* शिवोम् विद्यापीठ में शिवांजलि महोत्सव का गरिमामय समापन, कला और संस्कृति का सजीव उत्सव…

अमलेश्वर: शिवोम् विद्यापीठ संस्था के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय नृत्य, संगीत एवं कला महोत्सव ‘शिवोम् शिवांजलि’ का आज भव्य एवं भावनात्मक वातावरण में सफल समापन हुआ।

23 एवं 24 दिसंबर को चले इस सांस्कृतिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने भारतीय सभ्यता, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को अपनी सशक्त प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत कर दिया।

महोत्सव के समापन अवसर पर शिवोम् विद्यापीठ के चेयरमैन श्री अवधेश शर्मा जी एवं डॉ. नीलिमा शर्मा जी ने सभी प्रतिभागियों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन कला को सम्मान देने के साथ-साथ समाज को उसकी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में भारतीय मूल्यों का संस्कार देना आज की आवश्यकता है और शिवोम् शिवांजलि इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रस्तुत शास्त्रीय एवं लोक नृत्यों, भक्तिमय गायन और सृजनात्मक चित्रकला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों में आस्था, साधना और सौंदर्य का ऐसा समन्वय देखने को मिला, जिसने पूरे वातावरण को कलात्मक ऊर्जा से भर दिया। कलाकारों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति और मंचीय अनुशासन ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

विभिन्न राज्यों से पधारे कलाकारों ने अपने कौशल का प्रदर्शन प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल डॉ. राखी राय एवं श्री अरुण गायकवाड़ के समक्ष किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति की गुणवत्ता, भाव-प्रस्तुति एवं रचनात्मकता की प्रशंसा की।

इस अवसर पर शिवोम् विद्यापीठ के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री प्रणव शर्मा जी ने कहा कि शिवोम् शिवांजलि कलाकारों को आत्मविश्वास, मंच अनुभव और सांस्कृतिक संवाद का अवसर प्रदान करता है।

यह संपूर्ण महोत्सव असिस्टेंट डायरेक्टर श्री अशरफ अली एवं प्रिंसिपल श्रीमती जया बंदेलू जी के कुशल संचालन एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि शिवोम् विद्यापीठ न केवल शिक्षा बल्कि कला, संस्कृति और भारतीय परंपराओं के संवर्धन के लिए भी निरंतर समर्पित है।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।