सरगुजा : पत्थलगांव-अंबिकापुर मुख्य मार्ग में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां नशा और रफ्तार युवक सुलेश मांझी की मौत का कारण बना है। पल्सर में सवार युवक तीव्र गति में बेरीकेट्स को टक्कर मारते हुए खड़ी पिकअप से जाकर टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे में सुलेश के सिर पर गंभीर चोट आने की वजह से उसकी मृत्यु हो गई। यह हादसा सीतापुर पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापगढ़ के पास हुआ है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार के दिन देर रात को युवक सुलेश तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। वह नशे में धुत था।
तेज रफ्तार और नशे में धुत होने के कारण युवक ने बाइक से नियंत्रण खो दिया। बाइक नियंत्रित से बाहर होकर पहले बेरिकेट्स से टकराई, फिर सामने खड़ी पिकअप से जा भिड़ी। जबरदस्त टक्कर होने के कारण युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहां मौके पर पहुंची और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल इस मामले में पुलिस द्वारा आगे कि कार्रवाई की जा रही है।




