गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव : शीतला मंदिर रोड स्थित बूढ़ासागर क्षेत्र में सार्वजनिक दीवार पर लिखी गई विवादित एवं आपत्तिजनक लिखावट के मामले में बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू ने संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई कर उक्त लिखावट को हटवा दिया।
गौरतलब है कि दीवार पर लिखे गए संदेश की तस्वीरें सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सार्वजनिक स्थान पर लिखी गई उक्त सामग्री को हटाने की कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उक्त लिखावट किस व्यक्ति अथवा व्यक्तियों द्वारा की गई थी। मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।




