सूरजपुर : जिले में बीते 20 दिनों से करीब 50 हाथियों का दल अलग-अलग गुट में बंट कर प्रतापपुर रेंज और बिहारपुर क्षेत्र में अपना तांडव मचा रहा है। अब हाथी जंगल को छोड़कर गांव की ओर रुख कर रहे हैं, जिसके वजह से स्थानीय ग्रामीण दहशत में जीने को मजबूर हैं। बता दे की पहले हाथी रात में जंगल से निकलकर किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे थे, अब वो दिन में भी गांव में घुस रहे हैं, जिसके कारण से किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
किसानों की खड़ी फसल बर्बाद और उनके ऊपर जान का भी खतरा बना हुआ है, वन विभाग लगातार हाथियों को गांव की तरफ आने से रोकने का प्रयास कर रहा है। उनके द्वारा हाथी मित्र दल के साथ ही बड़ी संख्या में वन विभाग के कर्मचारी भी तैनात हैं, जिसके बावजूद हाथियों का दल गांव के नजदीक पहुंचने में सफल हो जा रहा है, क्योंकि हाथियों की संख्या बहुत ज्यादा है इसकी वजह से वन विभाग भी इन हाथियों को रोकने में सफल नहीं हो पा रहा है।
जानकारी के अनुसार बीते 20 दिनों में हाथियों के गैंग ने सैकड़ों एकड़ धान की खड़ी फसल बर्बाद कर दी है। हाथियों ने कई पालतू पशुओं की जान भी ली है। वहीं दर्जनों मकान तोड़कर रख दिए हैं। वन विभाग के द्वारा नष्ट फसलों और टूटे हुए मकानों का मुआयना कर मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है। बता दें पिछले एक वर्ष में इन हाथियों ने 4 लोगों की जान भी ले ली है, वन विभाग के द्वारा लगातार प्रयास के बावजूद हाथी की समस्या से निजात मिलता नहीं दिख रहा है।




