खबर का असर ,डीईओ आये बैकफूट पर : आत्मानंद संविदा भर्ती नियम किये गये शिथिल

किरीट भाई ठक्कर ,गरियाबंद। जिला शिक्षा अधिकारी एवं आत्मानंद उत्कृष्ठ अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संचालन प्रबंधन समिति सचिव द्वारा जारी संविदा पदों के भर्ती विज्ञापन में संस्कृत और हिंदी जैसे विषयों के लिये भी हाई स्कूल स्तर तक सम्पूर्ण शिक्षा अंग्रेजी माध्यम से शिक्षित होने की अहर्ता को अब शिथिल कर दिया गया है। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद द्वारा जारी शुद्धि पत्र क्रमांक 2336 के अनुसार इस कार्यालय द्वारा जारी संविदा भर्ती विज्ञापन क्रमांक 2123 के भर्ती विज्ञापन में सेजस फिंगेश्वर / देवभोग हेतु पद व्याख्याता विषय हिंदी / संस्कृत के लिये निर्धारित शैक्षणिक योग्यता हाई स्कूल स्तर में सम्पूर्ण शिक्षा अंग्रेजी माध्यम को शिथिल करते हुये , हिंदी माध्यम से द्वितीय श्रेणी में स्नातकोत्तर उत्तीर्ण / उपाधि आवेदक पात्र होंगे। सेजस देवभोग के लिये भी व्याख्याता गणित ( हिंदी माध्यम ) की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता में शिथिलीकरण किया गया है। इसी तरह सेजस फिंगेश्वर मैनपुर देवभोग छुरा शिक्षक पद हिंदी संस्कृत के लिये निर्धारित शैक्षणिक योग्यता में अंग्रेजी माध्यम की अनिवार्यता शिथिल करते हुये, हिंदी माध्यम से स्नातक उत्तीर्ण आवेदक पात्र होंगे।

विदित हो कि इस मामले को हमारे न्यूज पोर्टल छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़ द्वारा ` हिंदी माध्यम से पढ़ाई करने वाले युवा हो जाये सावधान , रहना पड़ सकता है बेरोजगार , की हैडलाइन से प्रमुखता से प्रसारित किया गया था। जिसे संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव द्वारा संज्ञान में लिया गया और इस विषय पर उन्होंने कलेक्टर गरियाबंद को पत्र प्रेषित किया था।


संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन द्वारिकाधीश यादव द्वारा गरियाबंद जिला अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ अंग्रेजी माध्यम स्कूलों हेतु जारी संविदा भर्ती के शैक्षणिक योग्यता के संबंध में कलेक्टर एवं अध्यक्ष संचालन प्रबंधन समिति स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय को प्रेषित पत्र में लिखा, कि जिला अंतर्गत समस्त विकासखंडों में संचालित स्वा.आ.अ. मा.वि. में संविदा भर्ती विज्ञापन क्रमांक 2123 द्वारा विभिन्न पदों में भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया है। अभ्यर्थियों के अनुरोध के अनुसार उक्त भर्ती विज्ञापन में हिंदी एवं संस्कृत विषयों के लिये आवेदक को हाई स्कूल शिक्षा अंग्रेजी माध्यम से उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है, जबकि अन्य जिलों में उक्त योग्यता अनिवार्य नही है। संविदा अभ्यर्थियों द्वारा हिंदी एवं संस्कृत विषयों के लिये उक्त अनिवार्य योग्यता के शिथलीकरण का अनुरोध किया जा रहा है , अतएव उक्त अहर्ता के शिथिलकरण की कार्यवाही नियमानुसार की जाये। संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव की सजगता से बेरोजगारों को न्याय मिला है। साथ ही स्वयं को शासन से ऊपर समझने वाले तर्की – कुतर्की अधिकारी को सबक मिला है।

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के लिए किरीट ठक्कर की रिपोर्ट
"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के लिए किरीट ठक्कर की रिपोर्टhttps://chhattisgarh-24-news.com
किरीट ठक्कर "छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" संवाददाता
ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।