अमितेश शुक्ल के स्वागत में छलका कार्यकर्ताओं का उत्साह : जिला प्रशासन का कार्यक्रम रहा फीका

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय गांधी मैदान में आयोजित एक दिवसीय राजोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि पहुंचे राजिम विधायक अमितेश शुक्ल का कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उत्साह पूर्वक स्वागत किया। युवा कार्यकर्ताओं ने जहाँ बाइक रैली के माध्यम से उनकी अगवानी की वही वरिष्ठ व अन्य कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी व फूल मालाओं से उनका जमकर स्वागत किया। कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता भी उनकी अगवानी में पीछे नहीं रही। स्वागत से अभिभूत अमितेश शुक्ल अपने वाहन से उतरकर तिरंगा चौक से गांधी मैदान तक पैदल ही कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे।


कार्यक्रम स्थल पर शासन की विभिन्न योजनाओं की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुये विधायक शुक्ल ने अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये। विभागीय स्टालों में हितग्राहियों को विभिन्न योजना अंतर्गत सामग्री वितरण भी मुख्य अतिथि के द्वारा किया गया। अवलोकन के दौरान उन्होंने विभागीय स्टालों की सराहना भी की और कुछ सुझाव भी दिये , हालांकि इन स्टालों में आम लोगों ने जरा भी रुचि नहीं दिखाई। शिक्षा विभाग के स्टाल पर घिसी पीटी थीम पर आधारित मॉडल , स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर दवाइयों के ढेर और महिला बाल विकास विभाग के स्टॉल पर रखी जिमीकंद और लौकी जैसी सब्जियां पर आम लोगों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि अमितेश शुक्ल ने कहा कि चार वर्षों में राज्य की कांग्रेस सरकार ने नरूवा गरुवा घुरवा और बाड़ी योजना के माध्यम से किसानों मजदूरों के हित में अच्छा काम किया है। गौ माता की सेवा कांग्रेस सरकार की देन है। हमने सही अर्थों में गौ माता की सेवा की है, गौ पालकों को आज गोबर और गौ – मूत्र के भी पैसे मिल रहे हैं। सर्व आदिवासी समाज द्वारा कार्यक्रम के बहिष्कार के मुद्दे का नाम लिये बगैर उन्होंने कहा कि चुनाव पास आ रहे हैं तो विरोध तेज होना भी स्वाभाविक है , किन्तु विरोध करने वाले ही बतायें की आदिवासी आरक्षण 12 प्रतिशत कम हुआ उसका कारण क्या है ,हम चाहते है कि आदिवासियों को पूरा 32 प्रतिशत आरक्षण मिले किन्तु फिलहाल मामला कोर्ट का है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार सभी जाति समाज व धर्म के लोगों को साथ लेकर विकास करना चाहती है।

मिनी स्टेडियम जीर्णोद्धार की घोषणा

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन द्वारा अपने मंचीय संबोधन के दौरान विधायक अमितेश शुक्ल से गांधी मैदान के जीर्णोद्धार की मांग रखी गई, जिस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये अमितेश शुक्ल ने कहा कि शासन से प्राप्त फंड का उपयोग कर वे गांधी मैदान का जीर्णोद्धार कर सकते हैं किंतु मैं नगर के मिनी स्टेडियम के बेहतर विकास ( जीर्णोद्धार ) की पूरी कोशिश करूंगा, ताकि युवाओं को एक अच्छा क्रिकेट और खेल मैदान मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की जनहित योजनाओं को लागू कराने में राजीव मितान क्लब के सदस्यों को पूरा ध्यान देने की जरूरत है , ये उनकी अहम जिम्मेदारी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्मृति ठाकुर ने अपने संक्षिप्त संबोधन में समर्थन मूल्य पर आज से प्रारम्भ धान खरीदी के लिये मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार के चार वर्षीय कार्यकाल में किसान मजदूर और आम जनता पूरी तरह संतुष्ट है।

सर्व आदिवासी समाज ने किया बहिष्कार

आरक्षण को लेकर सर्व आदिवासी समाज द्वारा राज्योत्सव कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया गया। इतना ही नहीं मंगलवार को बडी संख्या में आदिवासियों ने काली पट्टी बांधकर सड़कों पर आकर कार्यक्रम का विरोध भी किया। कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि आमंत्रित बिन्द्रानवागढ़ विधायक डमरूधर पुजारी , जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम , जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर जैसे आदिवासी समाज के जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में पहुंचे ही नहीं।

कार्यक्रम रहा फीका
आदिवासी समाज की उपेक्षा और जिला प्रशासन द्वारा प्रचार प्रसार में की गई कमी की वजह से जिले में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम फीका रहा। हालांकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमितेश शुक्ल का स्वागत कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भरपूर उत्साह के साथ किया किंतु कार्यक्रम स्थल पर आम लोगों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम नजर आई।

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के लिए किरीट ठक्कर की रिपोर्ट
"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के लिए किरीट ठक्कर की रिपोर्टhttps://chhattisgarh-24-news.com
किरीट ठक्कर "छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" संवाददाता
ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।