दीनदयाल योजना से ग्रामीणों को मिली आर्थिक सहायता! आत्मनिर्भर बन रहे परिवार

संतोष देवांगन, राजनांदगांव । राज्य सरकार की दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना ग्रामीण क्षेत्रों में भूमिहीन परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता से गरीब परिवार अब शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।

राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम जंगलेसर की निवासी कविता चन्द्राकर के लिए यह योजना बड़ी सहारा बनी है। अस्थायी आय के कारण पहले बच्चों की पढ़ाई और इलाज जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करना कठिन था, लेकिन योजना से मिली राशि से उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर खर्च कर राहत पाई।

इसी तरह दैनिक मजदूर डोरी लाल निषाद, जो बीमारी के चलते नियमित काम नहीं कर पाते, उनके लिए भी यह योजना संजीवनी साबित हुई। उन्होंने प्राप्त राशि से अपने घर की मरम्मत कराई और आगामी समय में स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर खर्च करने की योजना बनाई है।

ई-रिक्शा चालक जयप्रकाश साहू ने बताया कि इस योजना की सहायता से उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और ई-रिक्शा की मरम्मत जैसे जरूरी कार्य पूरे किए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत घर बनवाकर अब वे बेहतर जीवन की ओर अग्रसर हैं। ग्राम की ही कली बाई यादव, जो एक छोटी किराना दुकान चलाती हैं, उन्होंने योजना की राशि से अपने व्यवसाय का विस्तार किया। उन्होंने बताया कि इस आर्थिक सहयोग से वे अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सफल हो रही हैं।

हितग्राहियों का कहना है कि यह योजना सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उनके जीवन में स्थिरता, सुरक्षा और आत्मविश्वास का आधार बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। सभी लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।