मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में नर्स और अन्य नौकरियों का झांसा देकर जबरन युवतियों को देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। झपहां बाजार में पुलिस चौकी के सामने सौ मीटर दूरी पर बुधवार को एक घर में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है।नौकरी दिलाने के नाम पर युवतियों को अहियापुर में बुलाने के बाद उनसे जबरन देह व्यापार करवाया जा रहा था। यहां बंधक बनी तीन युवतियों को भी पुलिस ने छुड़ाया। इसमें एक समस्तीपुर, दूसरी अहियापुर के ही सिपाहपुर और तीसरी भिखनपुरा की रहने वाली है।
रैकेट- जॉब दिलाने के बहाने बुलाकर युवतियों को बना लेते थे बंधक : – समस्तीपुर की युवती ने देह व्यापार करने से इनकार कर दिया तो उसे घर में बंद कर मारा-पीटा जा रहा था। उसके शोर मचाने के बाद आसपास के लोग जुट गए। इसके बाद लोगों ने सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में एक महिला को पीटते हुए घर से निकाला। पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के साथ एक युवक को भी हिरासत में लिया। अहियापुर थानेदार विजय कुमार ने बताया कि जॉब के लिए रैकेट अलग-अलग शहरों में पर्चा साटता था। बेरोजगार युवतियां पर्चे पर दर्ज मोबाइल नंबर पर कॉल करती थीं, तब रैकेट से जुड़े लोग जॉब दिलाने के बहाने बुलाकर बंधक बना लेते थे।
पुलिस कर रही काउंसिलिंग : – युवक ने रुपये दिए थे, लेकिन समस्तीपुर की युवती ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया था तो उसकी पिटाई की जा रही थी। हिरासत में ली गई महिला ने पूछताछ के दौरान अहियापुर में कई जगहों पर सेक्स रैकेट का अड्डा चलने की बात बताई है। मुक्त कराई गई तीनों युवतियों की पुलिस काउंसिलिंग कर रही है। हिरासत में ली गई 50 वर्षीया महिला से इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की गई। इस आधार पर जीरोमाइल चौक के पास से पुलिस ने दो और युवकों को उठाया है। उनसे भी पूछताछ चल रही है।




