जांजगीर चांपा : शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुए एक जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 महिला सहित कुल 4 आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार किया। घटना ग्राम बिलारी का है, जहां पारिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर उपजे विवाद में 1 युवक की जान ले ली गई।
परिवारिक विवाद बना जानलेवा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी किशोर कुमार कुर्रे निवासी बिलारी ने 02.06.2025 को थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई कि, उसके बड़े बेटे वीरेंद्र कुर्रे ने दूसरी शादी पचरी पकरिया निवासी कांति उर्फ सुशीला लहरे से की थी। इस शादी से हुए बेटे राकेश और राजेश के बीच मृतक नरेश (वीरेंद्र की पहली पत्नी का बेटा) से संपत्ति बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
02.06.2025 की सुबह जब किशोर कुमार अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी वीरेंद्र कुर्रे, उसकी पत्नी सुशीला, बेटे राकेश, राजेश और 1 अन्य युवक रामशंकर के साथ वहां पहुंचे और जमीन के तुरंत बंटवारे को लेकर बहस करने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि, आरोपियों ने किशोर कुमार और बीच-बचाव करने आए उसके नाती नरेश पर जानलेवा हमला कर दिया।
कत्ते और डंडे से हमला, इलाज के दौरान हुई मौत
राजेश और राकेश ने नरेश को दौड़ाकर कार की ओर ले जाकर पहले से रखे हुए कत्ते से हमला किया। वहीं, सुशीला ने डंडे से प्राणघातक वार किए। घटना में नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आए नरेश की पत्नी रानी कुर्रे और किशोर का छोटा बेटा कृष्ण कुमार भी हमले में घायल हो गए।
घायलों को पहले पामगढ़ अस्पताल और फिर बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नरेश की मौत हो गई। मामले में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 208/2025 धारा 191(2), 191(3), 109(1), 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
चंद घंटों में आरोपियों की गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और SDOP यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई किया गया। आरोपियों को पकड़ा गया और पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल किया।
घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और डंडा जब्त कर लिया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।




