गरियाबंद में तेंदुए का आतंक, भरूवामुड़ा में घरों में घुसकर बकरियों का शिकार

ओंकार शर्मा गरियाबंद, छत्तीसगढ़

गरियाबंद। जिले के छुरा वन परिक्षेत्र के ग्राम भरूवामुड़ा में तेंदुए का आतंक गहराता जा रहा है। बीती रात तेंदुआ 10 फीट ऊंची दीवार फांदकर एक ग्रामीण के घर में घुस गया और बकरियों पर हमला कर दिया। घटना में चार बकरियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घर में घुसकर तेंदुआ एक बकरी को घायल कर गया।

हमले के वक्त घर के लोग कमरे में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। इसी बीच जंगल में मवेशी चरा रहे एक चरवाहे की आंखों के सामने तेंदुए ने बछड़े पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गौरतलब है कि कुछ माह पहले भी इसी गांव के पंडरीपानी मोहल्ले में तेंदुआ घर के अंदर घुसकर हमला कर चुका है, जिसमें एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुआ था। लगातार हो रही घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि अब तो रात में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। आंगन या कमरे से बाहर कदम रखने से पहले लोग कई बार सोचने को मजबूर हो रहे हैं।

घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अब देखना यह होगा कि विभाग तेंदुए के आतंक को रोकने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।