छात्रों को दी गई डिजिटल सुरक्षा की सीख

रिपोर्टर– ओंकार शर्मा,गरियाबंद, छत्तीसगढ़
फिंगेश्वर। फणीकेश्वर नाथ शासकीय महाविद्यालय फिंगेश्वर में गरियाबंद पुलिस एवं भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आज साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राजू साहू, थाना प्रभारी गौतम गावड़े, प्राचार्य देवदास बंजारे, एसबीआई शाखा प्रबंधक, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष राजू साहू ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर फ्रॉड तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने फिशिंग, पहचान की चोरी, लॉटरी व नौकरी के झांसे जैसे ऑनलाइन अपराधों से बचने की सलाह दी और कहा कि किसी भी संदिग्ध मामले की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

थाना प्रभारी ने दी विस्तृत जानकारी
थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने छात्रों को साइबर अपराध के अलग-अलग स्वरूपों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि अपराधी फर्जी वेबसाइट, ईमेल, फेक कॉल, मेट्रीमोनियल और डेटिंग ऐप्स के जरिए लोगों को ठगते हैं। कई बार वे खुद को सरकारी अफसर या पुलिस अधिकारी बताकर डराते हैं और पैसों की मांग करते हैं।
उन्होंने अपील की कि छात्र-छात्राएं संदिग्ध लिंक या कॉल पर भरोसा न करें और ऑनलाइन लेन-देन करते समय पूरी सतर्कता बरतें।
पहल की सराहना
महाविद्यालय के प्राचार्य देवदास बंजारे ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग करेंगे और उन्हें साइबर अपराधों से बचने की दिशा में मार्गदर्शन देंगे।




