गांधी-शास्त्री जयंती पर बेलौदी पंचायत में सेवा संकल्प कार्यक्रम, सरपंच ने महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का दिया संदेश
बेलौदी(पाटन)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत बेलौदी में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए उनके जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान को याद किया गया। साथ ही ‘सेवा संकल्प’ के तहत ग्राम पंचायत में कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को सेवा और जनहित के कार्यों के प्रति संकल्पित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम पंचायत बेलौदी के सरपंच हुकुमचंद निषाद ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया और उनके विचार आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा गांव के विकास एवं जनसेवा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन बहनों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत बेलौदी, खपरी में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को ग्रामीण महिलाओं एवं बच्चों तक पहुंचाने तथा ग्राम पंचायत को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका एवं मितानिन बहनों का प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मान किया गया।
वही सम्मान समारोह के दौरान आंगनबाड़ी व मितानिनों द्वारा पोषण आहार की प्रदर्शनी लगाकर महिलाओं को जागरूक किया। उनके द्वारा महिला एवं बाल स्वास्थ्य, पोषण, बच्चों की देखभाल तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस सम्मान से कार्यकर्ताओं एवं मितानिन बहनों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में सरपंच हुकुमचंद निषाद, उप सरपंच ललित यदु, पंचायत सचिव चंद्रशेखर यादव, सुपरवाईजर सुनीता ध्रुव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती केवरा वर्मा, कल्पना वर्मा, लता वर्मा एवं तारिणी गंधर्व सहित ग्राम पंचायत के समस्त पंच, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी सहायिका एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को स्मरण करते हुए सेवा, स्वच्छता, पोषण, महिला एवं बाल कल्याण तथा ग्राम विकास के प्रति सामूहिक सहभागिता का संदेश देते हुए जनहित और ग्राम विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।






