छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में सभी विभागों की होनी चाहिए सक्रिय सहभागिता : कलेक्टर
- छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में सभी विभागों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का किया जा रहा आयोजन
- अटल मानिटरिंग डैशबोर्ड के मापदण्ड में सुधार करते हुए प्राथमिकता से कार्य करने की जरूरत
- छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव अंतर्गत जिले में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे शिविर
- डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण का कार्य 10 सितम्बर तक पूरा करने के दिए निर्देश
- एजुकेशन हब में 25 अगस्त से आईआईटी, जेईई की कोचिंग होगी प्रारंभ
- साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक संपन्न
राजनांदगांव 19 अगस्त 2025, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव मनाया जा रहा है।वही छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का आयोजन तीन चरणों में होगा। उन्होंने कहा कि जिले में सभी विभागों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव अंतर्गत छत्तीसगढ़ की संस्कृति, देशभक्ति गीत, मशाल रैली, डिजिटल तिरंगा प्रतियोगिता, छत्तीसगढ़ लोक नृत्य एवं फूड फेस्टीवल जैसे विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों द्वारा आयोजित गतिविधियों में जनसहभागिता होनी चाहिए तथा जनप्रतिनिधियों को शामिल होना है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव अंतर्गत जिले में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जा रहे है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर आवेदन लेकर शिविर के माध्यम से हर पात्र व्यक्ति का आय-जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाना सुनिश्चित करने की निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता होनी चाहिए।
उन्होंने अटल मानिटरिंग डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए कहा कि अटल मानिटरिंग पोर्टल अंतर्गत निर्धारित मापदण्ड में सुधार करते हुए प्राथमिकता से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग अंतर्गत एग्रोस्टैक के तहत किसानों के पंजीयन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने नगरीय निकायों, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित अन्य सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा की।




